रांची। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय, रांची में तीन दिवसीय यूथ फेस्टिवल ‘स्पंदन-2025’ का भव्य एवं रंगारंग शुभारंभ आज (22/12/2025) पूर्वाह्न 11 बजे विश्वविद्यालय के ऑडिटोरियम में हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत कुलगीत के साथ की गई, जिसने पूरे सभागार को उत्साह और ऊर्जा से भर दिया।
उद्घाटन अवसर पर विश्वविद्यालय के डीएसडब्ल्यू डॉ. सर्वोत्तम कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि छात्रों का जुनून और सहभागिता यह संकेत देती है कि यह महोत्सव पूरी तरह सफल होगा। उन्होंने विद्यार्थियों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रमों में भाग लेने का आह्वान करते हुए बताया कि आयोजन के अंतिम दिन बेस्ट टैलेंट को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा।
स्पंदन-2025 के अंतर्गत तीन दिनों में कुल 25 विभिन्न इवेंट्स का आयोजन किया जाना है। पहले दिन विश्वविद्यालय के अलग-अलग स्थलों पर कई प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। संगीत की सात प्रतियोगिताओं में कुल 12 प्रतिभागियों ने भाग लिया, जिनका मूल्यांकन संदीप चटर्जी एवं ज़ाहिद ख़ान ने किया।

इसके अलावा क्विज प्रतियोगिता में 36 प्रतिभागियों ने अपनी बौद्धिक क्षमता का प्रदर्शन किया। रंगोली प्रतियोगिता में 8 प्रतिभागियों ने भाग लिया, जिसके निर्णायक जाकिश साह रहे। पोस्टर मेकिंग में 14 प्रतिभागियों की भागीदारी रही, वहीं मेहंदी और पेंटिंग प्रतियोगिताओं ने भी दर्शकों का खूब ध्यान आकर्षित किया।
उद्घाटन सत्र में विश्वविद्यालय सभागार में डीएसडब्ल्यू डॉ. सर्वोत्तम कुमार के साथ कुलसचिव डॉ. धनंजय द्विवेदी, प्रॉक्टर डॉ. राजेश कुमार सिंह, डॉ. नमिता सिंह, डॉ. गीतांजलि सिंह, डॉ. शालिनी लाल, डॉ. जिंदर सिंह मुंडा, डॉ. रजनी, डॉ. जेपी शर्मा, डॉ. राजीव रंजन, डॉ. अनुपम कुमार सहित विभिन्न समितियों के सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल मंच संचालन डॉ. मनीष मिश्रा ने किया।
यूथ फेस्टिवल ‘स्पंदन-2025’ के पहले दिन की शुरुआत ने ही यह स्पष्ट कर दिया कि आने वाले दो दिन विश्वविद्यालय परिसर में कला, संस्कृति और प्रतिभा का उत्सव चरम पर रहेगा।

