डीएसपीएमयू के पर्यावरण विभाग के द्वारा विश्व जैव विविधता दिवस 2026 समारोह का आयोजन।
दिनांक 23 मई को पूर्वाह्न 11 बजे डीएसपीएमयू के पर्यावरण विभाग द्वारा विश्व जैव विविधता दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों के बीच जैव विविधता संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा तथा सतत विकास के प्रति जागरूकता का प्रसार करना था।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कुलपति प्रो. डॉ. राजीव मनोहर ने कहा कि आज के इस महत्वपूर्ण और प्रासंगिक विषय के संरक्षण और संवर्धन की सामूहिक जिम्मेवारी हम सबों की है। जैव विविधता के महत्व पर विस्तृत रूप से प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि जैव विविधता पृथ्वी पर जीवन के संतुलन को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। अपने संबोधन को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने कहा कि जैव विविधता केवल पर्यावरण का संतुलन ही नहीं बल्कि मानव जीवन , संस्कृति और भविष्य की सुरक्षा का अधिकार भी है । उन्होंने विद्यार्थियों को अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने तथा विश्वविद्यालय परिसर में लगाए गए पौधों की उचित देखभाल करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा विश्व जैव विविधता दिवस केवल एक अवसर नहीं बल्कि प्रकृत्ति और मानव के सह अस्तित्व का पावन संदेश है।
कुलसचिव डॉ. धनंजय वासुदेव द्विवेदी ने अपने संबोधन में संस्कृत श्लोकों के माध्यम से प्रकृति संरक्षण एवं जैव विविधता के महत्व को अत्यंत प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। उनके विचारों ने विद्यार्थियों को प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनने के लिए प्रेरित किया।
पर्यावरण विज्ञान विभाग की समन्वयक डॉ. रश्मि मिश्रा ने झारखंड राज्य में स्थित विभिन्न जैव विविधता संरक्षित क्षेत्रों की जानकारी देते हुए उनके पारिस्थितिक महत्व पर चर्चा की। उन्होंने जैव विविधता संरक्षण की आवश्यकता पर बल दिया तथा विद्यार्थियों को प्रकृति संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
अंत में कार्यक्रम के अंतर्गत क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसका संचालन क्विज मास्टर डॉ अमृता लाल द्वारा किया गया। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक इसमें भाग लिया। इसके अतिरिक्त पर्यावरण विज्ञान विभाग के विद्यार्थियों द्वारा पोस्टर प्रस्तुति, पावरपॉइंट प्रस्तुति, नुक्कड़ नाटक एवं नाट्य मंचन प्रस्तुत किए गए, जिनका विषय जैव विविधता संरक्षण एवं पर्यावरण जागरूकता था।
कार्यक्रम का संचालन डॉ अमृता लाल के द्वारा किया गया। कार्यक्रम के अंत में विभाग के डॉ देबू मुखर्जी ने धन्यवाद ज्ञापन किया ।मौके पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो डॉ राजीव मनोहर, कुलसचिव धनंजय वासुदेव द्विवेदी, वित्त पदाधिकारी डॉ अनीता कुमारी, प्रॉक्टर डॉ अजय कुमार चौधरी पर्यावरण विज्ञान विभाग की समन्वयक डॉ रश्मि मिश्रा, वनस्पति विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ आईपी गुप्ता, प्राणी विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ सजलेंदु घोष तथा पर्यावरण विज्ञान विभाग के शिक्षकों की उपस्थिति रही। यह जानकारी पीआरओ डॉ राजेश कुमार सिंह ने दी।
