छात्र संघ चुनाव, TRL भवन, आई-कार्ड और प्राइवेट एजेंसी RRS की जांच सहित कई मुद्दों पर उठी आवाज, कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी
रांची। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय (DSPMU) में 29 मई 2026 को विभिन्न छात्र संगठनों की सर्वदलीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में विश्वविद्यालय से जुड़े छात्रहित एवं प्रशासनिक मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में आदिवासी छात्र संघ के अध्यक्ष विवेक तिर्की एवं अजय रूंडा, आजसू छात्र संघ के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष बबलू कुमार महतो, अध्यक्ष शिवम् सिंह, रवि एवं ज्योतिष, NSUI के अक्षय महतो एवं सतीश केसरी तथा JCM छात्र संघ के प्रेम प्रतीक बमबारी सहित विभिन्न छात्र संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक के बाद सभी संगठनों ने संयुक्त रूप से कुलपति प्रो. (डॉ.) राजीव मनोहर, कुलसचिव एवं DSW को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में विश्वविद्यालय में कार्यरत प्राइवेट एजेंसी RRS की जांच, छात्र संघ भवन उपलब्ध कराने, UG-PG छात्रों को आई-कार्ड जारी करने, मुख्य द्वार निर्माण कार्य में तेजी लाने, छात्र संघ चुनाव कराने तथा TRL विभाग के लिए अलग भवन निर्माण कराने जैसी प्रमुख मांगें रखी गईं।
छात्र संगठनों ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा विश्वविद्यालय विधेयक 2026 लागू किए जाने के बावजूद लगभग सात वर्षों से छात्र संघ चुनाव नहीं कराया गया है, जिससे छात्र लोकतांत्रिक प्रतिनिधित्व से वंचित हैं।
इस दौरान कुलपति प्रो. (डॉ.) राजीव मनोहर ने सभी मांगों को गंभीरता से सुनते हुए सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया। वहीं छात्र संगठनों ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो गर्मी की छुट्टियों के बाद प्रथम सप्ताह से चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया जाएगा।
