रांची। Dr. Shyama Prasad Mukherjee University के कुलपति डॉ राजीव मनोहर ने कहा कि विश्वविद्यालय विभागीय स्वायत्तता, नए सत्र में नामांकन और अकादमिक सत्र के नियमितीकरण की दिशा में तेजी से कार्य कर रहा है।
सोमवार को विश्वविद्यालय के गांधी सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में कुलपति ने सभी संकायों के डीन, विभागाध्यक्षों और समन्वयकों के साथ विभिन्न अकादमिक एवं प्रशासनिक विषयों पर विस्तार से चर्चा की। बैठक का मुख्य उद्देश्य पूर्व में लिए गए निर्णयों और लक्ष्यों के क्रियान्वयन की समीक्षा तथा आगामी योजनाओं की रूपरेखा तय करना था।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए कुलपति डॉ राजीव मनोहर ने सभी विभागों से पूर्व निर्धारित कार्यों की प्रगति रिपोर्ट प्राप्त की। इस दौरान उन्होंने आगामी परीक्षाओं की विस्तृत जानकारी साझा करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय यूजी के सभी सत्रों की एंड सेमेस्टर परीक्षाएं आगामी अगस्त माह तक आयोजित कर लेगा। वहीं स्नातकोत्तर के दो सत्रों की अंतिम परीक्षाएं जुलाई एवं अगस्त में आयोजित की जाएंगी, जिससे विश्वविद्यालय का अकादमिक सत्र पूरी तरह नियमित होने की दिशा में आगे बढ़ेगा।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए विश्वविद्यालय ने बैकलॉग परीक्षाओं को लेकर भी सकारात्मक निर्णय लिए हैं।
नामांकन प्रक्रिया पर चर्चा करते हुए कुलपति ने बताया कि स्नातक स्तर के पारंपरिक एवं वोकेशनल पाठ्यक्रमों में आवेदन की तिथि 28 मई से 13 जून तक निर्धारित की गई है। उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देश दिया कि विभागीय सीटों की उपलब्धता एवं नामांकन प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए।
कुलपति ने आगामी परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए स्नातक एवं स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों को प्राथमिकता के आधार पर समय पर पूरा करने का निर्देश भी दिया, ताकि परीक्षाएं निर्धारित समय पर आयोजित कर सत्र को नियमित किया जा सके।
बैठक के दौरान विभिन्न विभागों की आधारभूत आवश्यकताओं को लेकर उठी मांगों पर कुलपति ने तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागों का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
बैठक में डीएसडब्ल्यू डॉ सर्वोत्तम कुमार, कुलसचिव डॉ धनंजय वासुदेव द्विवेदी, परीक्षा नियंत्रक शुचि संतोष बरवार सहित सभी संकायों के डीन, विभागाध्यक्ष, निदेशक एवं समन्वयक उपस्थित थे। जानकारी पीआरओ डॉ राजेश कुमार सिंह ने दी।
