Norway Chess में भारतीय सितारों की दमदार वापसी, Praggnanandhaa और Gukesh ने दिलाई शानदार जीत


पिछले दौर में निराशाजनक प्रदर्शन करने के बाद भारतीय खिलाड़ियों ने नॉर्वे शतरंज टूर्नामेंट के सातवें दौर में शानदार वापसी करके खिताब की अपनी उम्मीदों को जीवंत रखा।
विश्व चैंपियन डी गुकेश और आर प्रज्ञानानंदा ने ओपन वर्ग में महत्वपूर्ण जीत हासिल की जबकि दिव्या देशमुख ने महिला वर्ग में हमवतन कोनेरू हम्पी को हराया। छठे दौर में चारों भारतीय खिलाड़ियों को हार का सामना करना पड़ा था।
गुकेश ने अमेरिकी ग्रैंडमास्टर वेस्ली सो के खिलाफ मुकाबले में 1.5 अंक हासिल किए।

उन्होंने क्लासिकल बाजी में मौका गंवाने के बाद आर्मागेडन टाई-ब्रेक में जीत हासिल करके अपना कुल स्कोर आठ अंक पर पहुंचाया। वह हालांकि छह खिलाड़ियों के डबल राउंड-रॉबिन तालिका में सबसे निचले स्थान पर हैं।
प्रज्ञानानंदा ने फ्रांसीसी ग्रैंडमास्टर अलीरेज़ा फ़िरोजा को लगातार दूसरी बार क्लासिकल बाजी में हराकर पूरे तीन अंक हासिल किए। उनके अब नौ अंक हो गए हैं। प्रज्ञानानंदा इसके बावजूद पांचवे जबकि गुकेश छठे स्थान पर बने हुए हैं।
इस टूर्नामेंट में अभी तीन दौर की बाजियां खेली जानी बाकी हैं और भारतीय खिलाड़ियों के पास वापसी करके शीर्ष पर पहुंचने का मौका है।

वेस्ली सो 12.5 अंकों के साथ अंक तालिका में शीर्ष पर बने हुए हैं, जबकि अलीरेज़ा 10 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर हैं। प्रज्ञानानंदा, विश्व के नंबर एक खिलाड़ी मैग्नस कार्लसन और जर्मनी के विंसेंट कीमर सभी समान नौ अंकों के साथ संयुक्त तीसरे स्थान पर हैं।
सात बार के चैंपियन कार्लसन ने कीमर को आर्मागेडन टाई-ब्रेक में हराया।
दिव्या ने हम्पी को आर्मागेडन टाई-ब्रेक में हराकर अपनी स्थिति मजबूत कर ली है।

उन्हें अगले दौर में शीर्ष पर चल रही बिबिसारा असौबायेवा का सामना करना है जिसमें जीत पर वह बढ़त हासिल कर सकती है।
असौबायेवा ने हालांकि अपनी शानदार फॉर्म बरकरार रखते हुए क्लासिकल बाजी में चीन की झू जिनर को हराकर पूरे तीन अंक हासिल किए। उनके अब 12.5 अंक हैं। दिव्या के 10 अंक हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top