BMW प्लांट रंगदारी मामला; प्रिंस खान का सहयोगी गिरफ्तार:व्हाट्सएप पर किया संपर्क, सोशल मीडिया से धमकी, पैसे के लेन-देन का खुलासा




बोकारो पुलिस ने BMW प्लांट से रंगदारी मांगने और धमकी देने के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने कुख्यात प्रिंस खान गैंग के मुख्य सहयोगी राकेश कुमार को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी गैंग के विस्तार और प्रभाव बढ़ाने के लिए सक्रिय रूप से काम कर रहा था। जिस मामले में गिरफ्तारी हुई है, वह 12 मार्च का है। जानकारी के अनुसार BMW प्लांट के मैनेजर सुरेश कुमार सिंह ने 12 मार्च को मामला दर्ज कराया था। उन्होंने औद्योगिक ओपी बालीडीह में आवेदन देकर आरोप लगाया था कि कुख्यात अपराधी प्रिंस खान के नाम पर फैक्ट्री लगाने के एवज में रंगदारी मांगी जा रही थी। धमकी दी जा रही थी। इस शिकायत के आधार पर बालीडीह थाना में कांड संख्या 56/26 दर्ज किया गया। इसके बाद, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल का गठन किया गया। आरोपी ने स्वीकार की अपनी गलती एसआईटी ने मानवीय और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले का खुलासा करते हुए राकेश कुमार को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान, आरोपी ने स्वीकार किया कि वह प्रिंस खान के अंतरराष्ट्रीय व्हाट्सएप नंबर के संपर्क में था। उसी के निर्देश पर उसने धमकी भरा पर्चा अपने हाथ से लिखकर घटनास्थल पर छोड़ा था। बाद में प्रिंस खान ने उस पर्चे का वीडियो अपने फेसबुक अकाउंट पर वायरल कर कंपनी को दोबारा धमकी दी थी। दो खातों में ट्रांसफर कराए थे 1.50 लाख रुपए पुलिस के अनुसार, इस काम के बदले प्रिंस खान ने आरोपी के दो बैंक खातों में कुल 1.50 लाख रुपए भेजे थे। इस वित्तीय लेन-देन की विस्तृत जांच अभी जारी है। आरोपी के पास से एक रेडमी-8 मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है, जिसकी जांच में कई महत्वपूर्ण साक्ष्य मिले हैं। इस मोबाइल में प्रिंस खान के साथ कई व्हाट्सएप कॉल और बातचीत के रिकॉर्ड भी मौजूद हैं।गिरफ्तार राकेश कुमार (37) बोकारो के सेक्टर-2सी का निवासी है। उसका पूर्व में भी चोरी के एक मामले में आपराधिक इतिहास रहा है। पुलिस ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top