रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) रांची मंडल के अंतर्गत लोहरदगा पोस्ट ने एक सराहनीय कार्रवाई करते हुए तीन नाबालिग बच्चों को सुरक्षित बचाया। मंडल सुरक्षा आयुक्त पवन कुमार के निर्देशन में यह अभियान सफलतापूर्वक संचालित किया गया।
दिनांक 26 अप्रैल 2026 को लोहरदगा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 01 पर जांच के दौरान आरपीएफ टीम ने तीन नाबालिग बालकों को संदिग्ध अवस्था में बैठे पाया। पूछताछ करने पर बच्चों ने अपना नाम अमीश मुंडा (11 वर्ष), संतोष बिलोर (10 वर्ष) और रमेश बिलोर (10 वर्ष) बताया। तीनों बच्चे रांची जिले के मैक्लुस्कीगंज क्षेत्र के निवासी हैं।
बातचीत में बच्चों ने स्वीकार किया कि वे बिना अपने अभिभावकों को बताए घर से भागकर आए हैं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आरपीएफ टीम ने तुरंत चाइल्ड हेल्पलाइन लोहरदगा को सूचना दी।
सूचना मिलते ही चाइल्ड हेल्पलाइन के केस वर्कर मोहम्मद इस्तखार आलम और सुनीमा कुमारी मौके पर पहुंचे। सभी आवश्यक कानूनी प्रक्रियाओं का पालन करते हुए तीनों बच्चों को सुरक्षित माहौल में दोपहर 3:30 बजे चाइल्ड हेल्पलाइन टीम को सौंप दिया गया।
इस सराहनीय कार्य में उपनिरीक्षक एल. के. मिश्रा सहित आरपीएफ स्टाफ एस. आर. इंदवार, बिनोद गोपे और आजाद कुमार की अहम भूमिका रही। इस कार्रवाई से एक बार फिर आरपीएफ की सजगता और मानवीय संवेदनशीलता का परिचय मिला है।

