26 वर्ष की आयु में कंप्यूटर साइंस में पीएचडी पूरी कर डॉ. आँचल कुमारी ने रचा कीर्तिमान

रामगढ़/रांची, 11 जून। राधा गोविंद यूनिवर्सिटी के कंप्यूटर साइंस विभाग की शोध छात्रा डॉ. आँचल कुमारी ने मात्र 26 वर्ष की आयु में कंप्यूटर साइंस विषय में अपनी पीएचडी की मौखिक परीक्षा (वाइवा-वोसे) सफलतापूर्वक पूर्ण कर एक उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है।

उन्होंने यह शोध कार्य मुख्य शोध पर्यवेक्षक डॉ. संजय कुमार तथा सह-पर्यवेक्षक डॉ. राजेंद्र कुमार महतो के मार्गदर्शन में पूरा किया। उनकी इस उपलब्धि को विश्वविद्यालय जगत में एक प्रेरणादायक सफलता के रूप में देखा जा रहा है।

इस अवसर पर डॉ. राजेंद्र कुमार महतो ने कहा कि आँचल कुमारी शुरू से ही प्रतिभावान, मेहनती और अनुशासित शोध छात्रा रही हैं। उनकी सफलता उनके समर्पण, निरंतर प्रयास और विषय के प्रति गहरी निष्ठा का परिणाम है।

उल्लेखनीय है कि डॉ. आँचल कुमारी वर्तमान में Dr. Shyama Prasad Mukherjee University के सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) विभाग में असिस्टेंट प्रोफेसर के रूप में कार्यरत हैं और शिक्षा एवं शोध के क्षेत्र में सक्रिय योगदान दे रही हैं।

अपनी इस सफलता पर डॉ. आँचल कुमारी ने इसका श्रेय अपने माता-पिता, पति, सास-ससुर, भाइयों तथा परिवार के अन्य सदस्यों को दिया। उन्होंने कहा कि परिवार के निरंतर सहयोग, प्रोत्साहन और विश्वास के बिना यह उपलब्धि संभव नहीं थी। उन्होंने अपनी पुत्री अन्वी के विशेष सहयोग का भी उल्लेख किया।

इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर Radha Govind University तथा डीएसपीएमयू परिवार में खुशी का माहौल है। उन्हें बधाई देने वालों में डॉ. इंद्रनाथ साहू, डॉ. राहुल देव साह, डॉ. ज्योति बाला, प्रियरंजन सहित कई शिक्षाविद्, प्राध्यापक और शुभचिंतक शामिल हैं। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य और सफल शैक्षणिक जीवन की कामना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top