मोदी सरकार के 12 वर्ष देश की तस्वीर और तकदीर बदलने वाले साबित हुए : आदित्य साहू

जमशेदपुर: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष Aditya Prasad Sahu ने प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर कहा कि यह कालखंड केवल सत्ता संचालन का नहीं, बल्कि देश की तस्वीर और तकदीर बदलने का दौर रहा है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने “सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास” के संकल्प को धरातल पर उतारते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की योजनाओं का लाभ पहुंचाया है।

जमशेदपुर के सोनारी स्थित चित्रगुप्त भवन में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए आदित्य साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बन चुके हैं। उनके नेतृत्व में भारत न केवल रक्षा क्षेत्र में मजबूत हुआ है, बल्कि दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में भी उभरा है।

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने किसानों, महिलाओं, गरीबों और युवाओं के लिए कई ऐतिहासिक योजनाएं शुरू कीं। किसान सम्मान निधि योजना के तहत करोड़ों किसानों को प्रतिवर्ष आर्थिक सहायता दी जा रही है। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, जनधन योजना, आयुष्मान भारत और जल जीवन मिशन जैसी योजनाओं के माध्यम से करोड़ों लोगों को सीधे लाभ पहुंचाया गया है।

आदित्य साहू ने दावा किया कि पिछले 12 वर्षों में 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं और 81 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए करोड़ों गैस कनेक्शन और शौचालय उपलब्ध कराए गए, जबकि स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए देशभर में नए एम्स, मेडिकल कॉलेज, आईआईटी और आईआईएम स्थापित किए गए हैं।

झारखंड के विकास का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने राज्य को वित्तीय सहायता, रेलवे परियोजनाओं और सड़क निर्माण के क्षेत्र में अभूतपूर्व सहयोग दिया है। उन्होंने बताया कि झारखंड में रेलवे अवसंरचना का तेजी से विस्तार हुआ है और अमृत भारत योजना के तहत कई स्टेशनों का पुनर्विकास किया जा रहा है। राज्य में वंदे भारत ट्रेनों का संचालन और रेलवे मार्गों का शत-प्रतिशत विद्युतीकरण भी विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार झारखंड के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है और राज्य में सड़क, रेल, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा बुनियादी ढांचे के विकास पर लगातार निवेश किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top