दिनांक 23 अप्रैल को अपराह्न 3 बजे डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय, रांची के कुलपति डॉ राजीव मनोहर ने विश्वविद्यालय के यूजी छात्रावास संख्या एक का निरीक्षण किया। इस क्रम में उन्होंने विश्वविद्यालय में छात्रों के आवासीय सुविधाओं के विषय में विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने मूलभूत आवश्यकताओं बिजली, पानी और कॉमन रूम से संबंधित आवश्यकताओं को सूचीबद्ध करते हुए उनके त्वरित निष्पादन की बात कही। विद्यार्थियों से संवाद के दौरान कुलपति डॉ राजीव मनोहर ने कहा कि तत्कालीन रांची कॉलेज और अब डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय, रांची का अतीत काफी गौरवशाली रहा है और यहां के विद्यार्थियों ने न सिर्फ देश बल्कि अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भी अपने संस्थान का नाम रोशन किया है। आप वर्तमान में अध्ययनरत विद्यार्थी भी इस परंपरा को काफी आगे ले जाएं, ऐसी अपेक्षा है और विश्वविद्यालय उसमें पूरा सहयोग करेगा। इसके पूर्व बड़ी संख्या में छात्रावास के विद्यार्थियों ने कुलपति डॉ राजीव मनोहर का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। मौके पर छात्रावास अधीक्षक डॉ राजेश कुमार सिंह और छात्रावास के लगभग सैकड़ों विद्यार्थियों की मौजूदगी रही।

