चक्रधरपुर रेलवे स्टेशन से 06 नाबालिग बच्चियां बरामद, मानव तस्कर फरार

चक्रधरपुर। जिले के चक्रधरपुर रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को मानव तस्करी के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई में छह नाबालिग बच्चियों को संदिग्ध परिस्थितियों में दूसरे राज्यों में ले जाए जाने से पहले ही सुरक्षित बचा लिया गया।

यह कार्रवाई रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), जीआरपी, रेलवे चाइल्ड हेल्पलाइन, श्रम विभाग, महिला थाना चक्रधरपुर और जिला विधिक सेवा प्राधिकार, चाईबासा की संयुक्त टीम की ओर से चलाए गए विशेष अभियान के दौरान की गई। हालांकि इस दौरान तस्कर मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए, जिनकी तलाश में पुलिस जुट गई है।

जानकारी के अनुसार, सभी बच्चियां 14 से 16 वर्ष आयु वर्ग की हैं और प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि उन्हें बेहतर नौकरी, शहर में सुखद जीवन और अधिक पैसे का लालच देकर झारखंड से बाहर ले जाया जा रहा था। जैसे ही इस संदिग्ध गतिविधि की सूचना संबंधित एजेंसियों को मिली, तुरंत संयुक्त टीम ने सक्रियता दिखाते हुए चक्रधरपुर स्टेशन पर निगरानी बढ़ाई और संदिग्ध हालात में मौजूद बच्चियों को रोककर सुरक्षित अपने संरक्षण में ले लिया।

इस पूरे ऑपरेशन का नेतृत्व थाना प्रभारी अवधेश कुमार ने किया, जिसमें विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय देखने को मिला। रांची की एक सामाजिक संस्था ने भी इस अभियान में महत्वपूर्ण सहयोग दिया, जिससे समय रहते बच्चियों को बचाया जा सका। अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई पूर्व सूचना और सतर्क निगरानी का परिणाम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top