दावोस-यूके यात्रा के बाद झारखंड में निवेश तेज करने के निर्देश, टेक्सटाइल समेत कई सेक्टर पर फोकस

रांची: मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने दावोस में आयोजित विश्व आर्थिक मंच (WEF) और यूनाइटेड किंगडम की सफल यात्रा के बाद राज्य में निवेश और औद्योगिक विकास को गति देने के लिए उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में हुई इस बैठक में अधिकारियों ने राज्य में निवेश से जुड़े अद्यतन कार्यों की विस्तृत जानकारी दी।

बैठक में मुख्यमंत्री ने दावोस और यूके में हस्ताक्षरित MoU को जल्द जमीन पर उतारने पर जोर देते हुए औद्योगिक विकास, टेक्सटाइल, उच्च शिक्षा, फूड प्रोसेसिंग, आईटी, क्रिटिकल मिनरल्स और पर्यटन जैसे क्षेत्रों में निवेश को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निवेशकों के प्रस्तावों को प्रभावी कार्ययोजना के साथ तेजी से लागू किया जाए ताकि रोजगार के अधिक अवसर सृजित हो सकें।

मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से टेक्सटाइल उद्योग को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इस क्षेत्र में महिलाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार की संभावना है। उन्होंने अधिकारियों को राज्य के लिए बेहतर टेक्सटाइल नीति तैयार करने का निर्देश दिया, ताकि बाहर काम करने वाले श्रमिकों को राज्य में ही रोजगार मिल सके।

उन्होंने कहा कि दावोस के वैश्विक मंच पर झारखंड ने निवेश के लिए अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है और अंतरराष्ट्रीय कंपनियों के साथ सकारात्मक बातचीत हुई है। इससे आने वाले समय में राज्य में निवेश और रोजगार दोनों में वृद्धि की संभावनाएं हैं।

बैठक में मुख्यमंत्री ने पर्यटन, खाद्य प्रसंस्करण, आईटी, इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटोमोबाइल और ईवी कंपोनेंट्स जैसे क्षेत्रों में भी निवेश बढ़ाने के लिए सरल और आकर्षक नीतियां बनाने पर बल दिया। साथ ही, क्रिटिकल मिनरल्स के रिसर्च और उत्पादन को बढ़ावा देने तथा यूके के संस्थानों के साथ मिलकर सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित करने के निर्देश दिए।

इसके अलावा, मेगालिथ और मोनोलिथ स्थलों के संरक्षण और विकास के लिए जियो टैगिंग कर विस्तृत योजना बनाने की बात भी कही गई।

बैठक में मुख्य सचिव अविनाश कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top