सेल रांची के कर्मियों का बृज गंगा दर्रा अभियान 26 सितंबर से, 15,500 फीट की ऊँचाई पर फहराएंगे परचम

रांची: स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) की रांची इकाइयों के कर्मचारियों का एक दल उत्तराखंड के कुमाऊँ हिमालय स्थित चुनौतीपूर्ण ‘बृज गंगा दर्रा’ (ऊँचाई लगभग 15,500 फीट) पर उच्च हिमालयी ट्रेकिंग अभियान के लिए तैयार है। सेल यूनिट्स स्पोर्ट्स क्लब के एडवेंचर स्पोर्ट्स विंग के तत्वावधान में यह साहसिक अभियान 26 सितंबर से 6 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किया जा रहा है।

बृज गंगा दर्रा कुमाऊँ हिमालय के सबसे दुर्गम और तकनीकी मार्गों में गिना जाता है। इस अभियान के दौरान दल 80 किलोमीटर से अधिक की दूरी पैदल तय करेगा। इस दौरान ट्रेकर्स तीखी चढ़ाइयों, खतरनाक बोल्डर, संकरी पर्वतीय धारों, नदी तलों और ग्लेशियर क्षेत्रों से होकर गुजरेंगे। दल मुनस्यारी से करीब 15 किमी दूर लिलम से यात्रा शुरू करेगा। यह रूट निगलानी, किल्टम, अपर मरझाली, बृज गंगा दर्रा, भुजिया खरक और दासू से होकर गुजरेगा। लगभग आठ दिनों तक दल आबादी से पूरी तरह दूर रहकर अपनी जरूरी सामग्री खुद बैकपैक में लेकर चलेगा।

अभियान दल के लिए बुधवार को इस्पात भवन (आरडीसीआईएस), रांची परिसर में विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस मौके पर कार्यपालक निदेशक (डिजिटल) श्री दीपक जैन समेत कई वरिष्ठ अधिकारियों ने दल के सदस्यों से मुलाकात कर उन्हें इस साहसिक यात्रा के लिए शुभकामनाएँ दीं।

‘स्वच्छ भारत मिशन’ के तहत दल के सदस्यों ने हिमालयी पर्यावरण को सुरक्षित रखने और शून्य अपशिष्ट (जीरो वेस्ट) नीति का पालन करने का संकल्प लिया। ट्रेकर्स मार्ग में पड़ने वाले स्थानीय ग्रामीणों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करेंगे।

डॉ. गोलाप मोहम्मद चौधरी के नेतृत्व में रवाना होने वाले 11 सदस्यीय दल में आनंद त्रिवेदी, अबधेश प्रसाद, सुशांत दास, त्रिलोक जोशी, नीरज, अभिनव सिंह, प्रीति कुमारी, दिव्या सुचिता जोजो, रोहित रंजन और राजेश कुमार शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top