पलामू। पलामू सहित झारखंड एवं बिहार पुलिस के लिए चुनौती बना प्रतिबंधित नक्सली संगठन भाकपा माओवादी के 10 लाख के इनामी नक्सली संजय यादव उर्फ संजय गोदराम उर्फ गोदराई यादव महाराष्ट्र के मुंबई में खटाल में नौकरी काम करते गिरफ्तार किया गया। उसे पलामू लाने के लिए पुलिस टीम जल्द मुंबई पहुंचने वाली है।
पुलिस के अनुसार संजय यादव उर्फ संजय गोदराम उर्फ गोदराई यादव पर झारखंड सरकार ने 10, जबकि बिहार सरकार ने तीन लाख का इनाम घोषित कर रखा है। उसपर झारखंड में 33, बिहार के गया में 10 जबकि औरंगाबाद में 20 नक्सल घटनाओं को अंजाम देने का आरोप है। पुलिस मुख्यालय की तरफ से संजय गोदराम की गिरफ्तारी की पुष्टि की गई है।
संजय गोदराम पलामू के छतरपुर थाना क्षेत्र के देवगन गांव का रहने वाला है। संजय यादव की गिरफ्तारी के लिए झारखंड और बिहार में पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही थी।
इधर, जानकारी दी गयी है कि माओवादी संजय मुंबई में खटाल में नौकरी कर रहा था। दूध दुहता था। पिछले कुछ महीनों से संजय मुंबई में ही रह रहा था। संजय माओवादी कमांडर नितेश यादव के दस्ते में जोनल कमांडर हुआ करता था। संगठन में कई बातों को लेकर नितेश यादव के साथ संजय का मतभेद हो गया था। नाराज होकर संजय मुंबई में नौकरी करने लगा था। संजय के पलामू पहुंचने के बाद माओवादी संगठन से जुड़े कई मामलों का खुलासा होगा।
दरअसल, 27 मई 2025 को पलामू के पांडु-हुसैनाबाद के सीमावर्ती इलाके में पुलिस एवं माओवादियों के बीच मुठभेड़ हुई थी। इस घटना में संजय यादव बच निकला था। इसी के बाद से नितेश यादव और संजय के बीच मतभेद हुआ।
नक्सली संजय झारखंड और बिहार में कई बड़े नक्सली हमले को अंजाम देने का आरोपी है। 26 अप्रैल 2019 को पलामू के हरिहरगंज थाना क्षेत्र में माओवादियों ने लोकसभा चुनाव के दौरान भारतीय जनता पार्टी के कार्यालय को विस्फोट कर उड़ा दिया था। इस घटना का संजय यादव मुख्य आरोपी है।
विधानसभा चुनाव के दौरान 23 नवंबर 2019 को पलामू के पिपरा बाजार में माओवादियों ने अंधाधुंध फायरिंग की थी। इस घटना में झामुमो के तत्कालीन प्रखंड अध्यक्ष सह प्रमुख के पति मोहन गुप्ता और सूरज कुमार सोनी नामक व्यक्ति की मौत हो गई थी। इस घटना का भी संजय यादव मुख्य आरोपी है।
साल 2016 में पलामू के काला पहाड़ के इलाके में हुए लैंडमाइंस विस्फोट में पुलिस के सात जवान शहीद हुए थे, 2016 में ही बिहार के गया औरंगाबाद सीमावर्ती इलाके में माओवादियों ने कोबरा की टीम पर हमला किया था, जिसमें 10 जवान शहीद हुए थे। 2013 में पलामू के विश्रामपुर थाना क्षेत्र के कौड़िया में माओवादियों ने टीएसपीसी के 15 कमांडरों की हत्या कर दी थी। इस घटना का भी संजय यादव मुख्य आरोपी है। संजय को काफी दुर्दांत नक्सली माना जाता है।

