झारखंड भाजपा ने मनाई पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती, अंत्योदय के संकल्प को दोहराया

रांची: झारखंड प्रदेश भाजपा कार्यालय एवं पंडित दीनदयाल नगर में महान राष्ट्रवादी विचारक और एकात्म मानववाद के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पूरे श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं ने इस अवसर को ‘अंत्योदय दिवस’ के रूप में मनाते हुए उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण व पुष्पांजलि अर्पित की और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

मोदी सरकार धरातल पर उतार रही है अंत्योदय का सपना: आदित्य साहू

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय आजीवन समाज के गरीब, पिछड़े और वंचित वर्ग के कल्याण के लिए समर्पित रहे। उनका लक्ष्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति का विकास था। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनके विचारों को धरातल पर उतार रहे हैं और केंद्र सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है।

राष्ट्र प्रथम और त्याग का प्रतीक था दीनदयाल जी का जीवन: बाबूलाल मरांडी

नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि दीनदयाल जी का संपूर्ण जीवन त्याग, तपस्या और सेवा भाव से भरा रहा। वे ‘राष्ट्र प्रथम’, ‘वसुधैव कुटुंबकम’ और ‘एकात्म मानववाद’ के प्रणेता थे। समाज के अंतिम व्यक्ति के उत्थान का उनका संकल्प हमेशा जनसेवा और राष्ट्रसेवा के पथ पर मार्गदर्शन करता रहेगा।

दृढ़ इच्छाशक्ति और राष्ट्रभक्ति के अद्वितीय उदाहरण: कर्मवीर सिंह

संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय असाधारण इच्छाशक्ति के धनी थे। बचपन में ही माता-पिता का साया उठ जाने के बावजूद वे कभी रुके नहीं। 1937 में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़कर उन्होंने अपना जीवन मां भारती के चरणों में समर्पित किया तथा ‘राष्ट्रधर्म’ और ‘पांचजन्य’ जैसी पत्रिकाओं के माध्यम से देश में राष्ट्रभक्ति की अलख जगाई। वे जातिवाद की संकीर्ण मानसिकता से हमेशा दूर रहे।

इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, बालमुकुंद सहाय, महामंत्री गणेश मिश्रा, मनोज सिंह, अमर कुमार बाउरी, रांची विधायक सीपी सिंह, प्रदेश मंत्री सरोज सिंह, अमरदीप यादव, सुनीता सिंह, शालिनी बैसिखियार, कार्यालय मंत्री हेमंत दास, सूरज चौरसिया, मुख्य प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव, शोभा यादव, केके गुप्ता, उपमेयर नीरज कुमार, वरुण साहू, सुनील साहू, निशि जायसवाल, अमरनाथ चौधरी, राजेंद्र शाही मुंडा, रोमित नारायण, राकेश चौधरी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top