रांची। आदिवासी छात्र संघ के अध्यक्ष Vivek Tirkey के नेतृत्व में संघ के एक प्रतिनिधिमंडल ने आज Dr. Shyama Prasad Mukherjee University (डीएसपीएमयू), रांची में नव नियुक्त कुलपति Rajeev Manohar से शिष्टाचार मुलाकात कर उनका स्वागत और अभिनंदन किया।
इस अवसर पर आदिवासी छात्र संघ की ओर से कुलपति प्रो. राजीव मनोहर को पारंपरिक आदिवासी गमछा पहनाकर सम्मानित किया गया। वहीं संघ की उपाध्यक्ष दीपा कच्छप ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
मुलाकात के दौरान अध्यक्ष विवेक तिर्की ने कुलपति को एक ज्ञापन सौंपते हुए विश्वविद्यालय की वर्तमान शैक्षणिक स्थिति से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि पिछले कुछ दिनों से विश्वविद्यालय में ताला बंदी के कारण छात्रों की पढ़ाई बाधित हो रही है। साथ ही विश्वविद्यालय में मिड सेमेस्टर परीक्षाएं भी चल रही थीं, लेकिन ताला बंदी के कारण विद्यार्थियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा है। इससे नियमित कक्षाओं और परीक्षाओं दोनों पर असर पड़ा है, जो छात्रों के शैक्षणिक भविष्य के लिए चिंता का विषय है।
विवेक तिर्की ने कुलपति से आग्रह किया कि जल्द से जल्द विश्वविद्यालय में शैक्षणिक गतिविधियों को सामान्य किया जाए, ताकि छात्रों की पढ़ाई सुचारु रूप से जारी रह सके और विश्वविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था पटरी पर लौटे।
नव नियुक्त कुलपति प्रो. राजीव मनोहर ने छात्रों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि अब विश्वविद्यालय के किसी भी छात्र-छात्रा को पढ़ाई को लेकर परेशानी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि 14 मार्च 2026 से विश्वविद्यालय में सभी कक्षाएं नियमित रूप से संचालित की जाएंगी और वे स्वयं विश्वविद्यालय में उपस्थित रहकर शैक्षणिक व्यवस्था की निगरानी करेंगे।
इस अवसर पर आदिवासी छात्र संघ के सचिव अमित टोप्पो, उप-कोषाध्यक्ष पायल बाण्डो, मनीष उरांव, प्रकाश भगत, दिनेश उरांव, अजीत महतो, अनिता तिर्की, आशीष टोप्पो, रोहित उरांव, उत्तम उरांव, सृष्टि तिर्की, लालेश्वर उरांव, आलोक तिर्की, शिव उरांव सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।

