रांची/ रातू थाना क्षेत्र के मुरगू गांव में बुधवार की रात अज्ञात चोरों ने सेवानिवृत्त पंचायत सेवक देवरतन तिवारी के घर में भीषण चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोरों ने घर में रखे लगभग 50 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और करीब 5 लाख रुपये नकद सहित कुल लगभग 55 लाख रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया।
बताया जा रहा है कि घटना रात 8:30 बजे से 11 बजे के बीच हुई, जब परिवार के सभी सदस्य पड़ोस में आयोजित शादी समारोह में रातू चट्टी गए हुए थे। रात करीब 11 बजे घर लौटने पर देवरतन तिवारी ने दो युवकों को छत से कूदकर भागते देखा, जिनके चेहरे नकाब से ढके हुए थे।
चोरों ने घर के तीन कमरों की अलमारी और ट्रंक तोड़कर जेवरात व नकदी चोरी कर ली। घटना की सूचना डायल 112 को दी गई, जिसके बाद पीसीआर-29 मौके पर पहुंची।
मामले में आकाश तिवारी की शिकायत पर रातू थाना में अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है।

