नई दिल्ली। भारत ने पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष में व्यापारिक जहाजों को निशाना बनाए जाने की कड़ी निंदा की है। व्यापारिक जहाजों को निशाना बनाए जाने के चलते 4 भारतीय अपनी जान गंवा बैठे हैं।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने अंतर मंत्रालयीय पत्रकार वार्ता में गुरुवार को बताया कि वर्तमान में पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण तीन भारतीयों की मौत हुई है और एक भारतीय लापता है। मरने वाले भारतीय हमले का शिकार बने व्यापारिक जहाजों पर कार्यरत थे।
उन्होंने कहा, “यही कारण है कि भारत व्यापारिक जहाजों पर किसी भी तरह के हमले की कड़ी निंदा करता है।”
प्रवक्ता ने बताया कि अब तक हमने तीन भारतीय नागरिकों को खो दिया है और चौथा भारतीय नागरिक लापता है। हाल ही में एक भारतीय की मार्शल द्वीप समूह के ध्वज वाले जहाज सेफसी विष्णु पर हुई है। यह घटना इराक के पास घटी है। मंत्रालय उनके पार्थिव शरीर को भारत लाने के लिए हर संभव प्रयास कर रहा है। वहीं पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष में अब तक 24 से अधिक भारतीय नागरिकों के घायल होने की पुष्टि हुई है।
उन्होंने बताया कि व्यापारिक जहाज पर हमले में मारे गए या लापता चारों भारतीय नागरिक व्यापारिक जहाजों पर सवार चालक दल के सदस्य थे।ओमान और इराक में हमारे दूतावास और दुबई में हमारा वाणिज्य दूतावास स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर उनके पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द भारत वापस लाने के लिए काम कर रहे हैं।

