रांची: CM Hemant Soren से गुरुवार को झारखंड मंत्रालय में भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) में नव प्रोन्नत झारखंड प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों ने शिष्टाचार मुलाकात की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी अधिकारियों को पदोन्नति के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि वे अब तक जिस तरह अपनी जिम्मेदारियों को निभाते हुए राज्य के विकास में योगदान देते आए हैं, उसी प्रतिबद्धता के साथ आगे भी कार्य करते रहें। उन्होंने कहा कि राज्य की कल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और लोगों की समस्याओं का समाधान संवेदनशीलता और निष्ठा के साथ करना प्रशासन की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।
उन्होंने विश्वास जताया कि सभी अधिकारी अपनी नई जिम्मेदारियों को ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाते हुए राज्य के सर्वांगीण विकास को और गति देंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रशासनिक अधिकारियों के सहयोग से ही विकास योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन संभव है।
मुख्यमंत्री से मुलाकात करने वाले नव प्रोन्नत आईएएस अधिकारियों में दिलेश्वर महतो, इश्तियाक अहमद, विद्यानंद शर्मा पंकज, संगीता लाल, रोबिन टोप्पो, अनिलसन लकड़ा, अरुण कुमार सिंह, नागेंद्र पासवान, आसिफ इकराम, नीरज कुमार सिंह, जुल्फिकार अली, अर्चना मेहता और आलोक शिकारी कच्छप शामिल थे।

