मुख्यमंत्री Hemant Soren की उपस्थिति में झारखंड विधान सभा स्थित मुख्यमंत्री कक्ष में आज एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। यह समझौता झारखंड के उद्यान निदेशालय और Indian Institute of Horticultural Research (IIHR), बेंगलुरु के बीच संपन्न हुआ।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि इस पहल से राज्य में उद्यानिकी क्षेत्र के विकास और विस्तार को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि इस समझौते का सीधा लाभ राज्य के किसानों को मिलेगा और उनकी आय में बढ़ोतरी होगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के अधीन कार्यरत भारतीय बागवानी अनुसंधान संस्थान (IIHR) के साथ सहयोग से झारखंड में फल, सब्जी, सजावटी पौधे, औषधीय पौधे और मशरूम जैसी फसलों की उत्पादकता, गुणवत्ता और मूल्य में वृद्धि होगी। इसके साथ ही बागवानी क्षेत्र में आधुनिक तकनीक, अनुसंधान, प्रशिक्षण और सेवाओं का भी विस्तार किया जाएगा।
इस समझौते के तहत राज्य के किसानों को नई तकनीक, बेहतर बीज और आधुनिक खेती के तरीकों की जानकारी मिलेगी, जिससे कृषि और बागवानी क्षेत्र को मजबूत आधार मिलेगा।
MoU हस्ताक्षर के इस कार्यक्रम में कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग की मंत्री Shilpi Neha Tirkey, मुख्य सचिव Avinash Kumar, विभाग के सचिव Abu Bakar Siddiqui सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

