
रांची: झारखंड प्रदेश वैश्य मोर्चा की 71 सदस्यीय नई केंद्रीय कमेटी का गठन आज औपचारिक रूप से कर दिया गया। रांची के रेडियम रोड स्थित होटल आलोका सभागार में आयोजित प्रेस काॅन्फ्रेंस में केंद्रीय अध्यक्ष महेश्वर साहु ने कमेटी की घोषणा की। उन्होंने बताया कि संगठन के 7वें स्थापना दिवस के बाद यह पुनर्गठन इसलिए किया जा रहा है ताकि संगठन में नए, सक्रिय और समर्पित कार्यकर्ताओं को नेतृत्व में आगे लाया जा सके। 75 सदस्यीय प्रस्तावित कमेटी में फिलहाल चार पद रिक्त रखे गए हैं। वहीं, जिलाध्यक्षों और विभिन्न प्रकोष्ठों की घोषणा 7 दिसंबर को की जाएगी।
सभी पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह आगामी 20 दिसंबर को रजरप्पा में भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा।
जारी सूची के अनुसार केंद्रीय कमेटी में केंद्रीय अध्यक्ष महेश्वर साहु (भुरकुंडा), कार्यकारी अध्यक्ष रेखा मंडल (धनबाद), हीरानाथ साहु (कांके) और अनंतलाल विश्वकर्मा (चाईबासा) को बनाया गया है। वहीं वरीय उपाध्यक्ष, केंद्रीय उपाध्यक्ष, महासचिव, सचिव, संगठन सचिव, कोषाध्यक्ष, मीडिया प्रभारी और कार्यकारिणी सदस्यों सहित कुल 71 पदों पर नई नियुक्तियाँ की गई हैं।
केंद्रीय अध्यक्ष महेश्वर साहु ने कहा कि किसी भी संघर्ष को सफल बनाने के लिए संगठन का मजबूत होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि नई समिति में शामिल सदस्य समाजहित के लिए लगातार सक्रिय रहे हैं और कुछ सदस्य झारखंड आंदोलन के भी सहभागी रहे हैं।
उन्होंने कहा कि—
“वैश्य समाज राज्य की लगभग 40% आबादी है। इसके बावजूद 25 वर्षों में वैश्य–ओबीसी समाज के साथ लगातार उपेक्षा हुई है। अब अधिकार, रोजगार और सम्मान की लड़ाई और तेज की जाएगी। वैश्य मोर्चा संविधान और लोकतंत्र में पूर्ण विश्वास रखती है और वैश्यों की आवाज के रूप में हमेशा खड़ी रहेगी।”
श्री साहु ने आगे कहा कि राज्य को बनाने और संवारने में वैश्य समाज का योगदान अविस्मरणीय है, लेकिन उनकी समस्याओं को अक्सर नजरअंदाज किया जाता रहा है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अपनी मांगों को लेकर वैश्य मोर्चा विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान सड़कों पर उतरने के लिए भी तैयार है।
20 दिसंबर को रजरप्पा में शपथ ग्रहण के साथ वैश्य मोर्चा की नई टीम अपने संगठनात्मक मिशन को नई गति देने का संकल्प लेगी।
