रांची। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय (DSPMU), रांची में शैक्षणिक सत्र 2026–2030 के लिए विभिन्न पारंपरिक एवं व्यवसायिक स्नातक पाठ्यक्रमों में नामांकन प्रक्रिया का अगला चरण 6 जुलाई से शुरू होगा। विश्वविद्यालय प्रशासन ने घोषणा की है कि 6 जुलाई 2026 को दोपहर 12 बजे तक सभी स्नातक पाठ्यक्रमों की समेकित मेधा सूची विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दी जाएगी।
विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. राजीव मनोहर ने बताया कि आवेदन प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद अब प्राप्त आवेदनों के आधार पर मेधा सूची प्रकाशित की जा रही है। यह सूची 6 जुलाई को दोपहर 12 बजे से विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध रहेगी।
उन्होंने बताया कि मेधा सूची में विषयवार सीटों की उपलब्धता, पारंपरिक एवं व्यवसायिक पाठ्यक्रमों की शुल्क संरचना, श्रेणीवार आरक्षण संबंधी विवरण, रैंक के अनुसार काउंसलिंग की तिथि एवं स्थान तथा नामांकन के लिए आवश्यक दस्तावेजों की सूची भी प्रकाशित की जाएगी। विद्यार्थी इसी मेधा सूची के आधार पर संबंधित विभागों में काउंसलिंग के बाद नामांकन ले सकेंगे।
कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय 31 जुलाई 2026 तक पूरी नामांकन प्रक्रिया समाप्त करने तथा 3 अगस्त 2026 से स्नातक प्रथम सेमेस्टर की नियमित कक्षाएं प्रारंभ करने के लिए प्रतिबद्ध है। इस संबंध में सभी संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
आईटी इंचार्ज डॉ. अनुपम कुमार ने बताया कि 6 जुलाई को जारी होने वाली मेधा सूची में चांसलर पोर्टल के साथ-साथ CUET के माध्यम से आवेदन करने वाले विद्यार्थियों को भी उनके प्राप्त अंकों के आधार पर शामिल किया गया है।
यह जानकारी विश्वविद्यालय के जनसंपर्क पदाधिकारी (PRO) डॉ. राजेश कुमार सिंह ने दी।

