‘भारत रत्न स्वर्गीय राजीव गांधी प्रतिभा सम्मान समारोह–2026’ में 231 मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान, विद्यार्थियों को मिला सफलता का मंत्र
मांडर, रांची। मांडर स्थित बीआरसी परिसर में आयोजित ‘भारत रत्न स्वर्गीय राजीव गांधी प्रतिभा सम्मान समारोह–2026’ में झारखंड सरकार की कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की एवं पूर्व मंत्री बंधु तिर्की शामिल हुए। समारोह में मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 231 मेधावी छात्र-छात्राओं को मेडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान कल्याण विभाग द्वारा चयनित विद्यार्थियों के बीच साइकिलों का भी वितरण किया गया।
सम्मानित विद्यार्थियों में मैट्रिक के 118, इंटर विज्ञान के 22, इंटर कॉमर्स के 29 तथा इंटर कला के 62 विद्यार्थी शामिल रहे। समारोह में विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें शिक्षा, अनुशासन और निरंतर परिश्रम के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।
मैट्रिक परीक्षा में संत जॉन्स हाई स्कूल, नवाटांड़ के छात्र महताब अंसारी ने 494 अंक (98.80 प्रतिशत) प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। असिया खातून 483 अंक (96.60 प्रतिशत) के साथ द्वितीय तथा राजकीय उत्क्रमित उच्च विद्यालय, महुवाटांड़ के निखिल कुमार साहू 474 अंक (94.80 प्रतिशत) के साथ तृतीय स्थान पर रहे।
इंटर कला संकाय में प्रोजेक्ट गर्ल्स प्लस-2 हाई स्कूल, टांगरबसली की सानिया खातून तथा संत अन्ना इंटरमीडिएट कॉलेज की जहाँ आरा परवीन ने 446-446 अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। वहीं अमित कुमार ने 438 अंक हासिल किए।
इंटर कॉमर्स संकाय में संत अन्ना इंटरमीडिएट कॉलेज की मुस्कान कुमारी ने 444 अंक के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्रिंसी शर्मा 431 अंक तथा गुलापसा परवीन 417 अंक के साथ प्रमुख स्थानों पर रहीं।
इंटर विज्ञान संकाय में सूरज कुमार सिंह ने 440 अंक (88 प्रतिशत) प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। खुशी कुमारी 433 अंक (86.60 प्रतिशत) तथा अजहर अंसारी 426 अंक (85.20 प्रतिशत) के साथ क्रमशः द्वितीय एवं तृतीय स्थान पर रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि मांडर विधानसभा क्षेत्र में पिछले 20 वर्षों से प्रतिभाओं को सम्मानित करने की परंपरा लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और उत्कृष्टता की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से समय रहते अपना लक्ष्य निर्धारित कर अनुशासन, समर्पण और निरंतर सीखने की प्रवृत्ति के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल डिग्री प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि जीवन निर्माण का सबसे मजबूत आधार है। प्रतियोगी परीक्षाओं में अनियमितताओं और नई शिक्षा नीति के कारण ग्रामीण विद्यार्थियों के सामने आने वाली चुनौतियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों के बावजूद सकारात्मक सोच और निरंतर मेहनत ही सफलता की कुंजी है।
पूर्व मंत्री बंधु तिर्की ने कहा कि झारखंड राज्य गठन के बाद मांडर विधानसभा क्षेत्र में शुरू हुई प्रतिभा सम्मान की यह परंपरा आज भी निरंतर जारी है। उन्होंने बताया कि इस मंच से सम्मानित अनेक विद्यार्थी आज देश के विभिन्न प्रतिष्ठित पदों पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने यह भी घोषणा की कि आगामी 12 जुलाई को विधानसभा स्तरीय ग्रामीण प्रतिभा प्रतियोगिता परीक्षा का आयोजन किया जाएगा।
समारोह में मांगा उरांव, शमीम अख्तर, सेरोफिना मिंज, जमील मलिक, अमानत अंसारी, जुवेल तिग्गा, सरिता तिग्गा, आबिद अंसारी, तबातक खान, होसे उरांव, आजाद अंसारी, शम्सुल हक, सुका उरांव सहित बड़ी संख्या में शिक्षाविद, विद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षक, अभिभावक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

