रांची। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित सप्ताहव्यापी अकादमिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत शनिवार को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय (DSPMU), रांची के स्नातकोत्तर हिंदी विभाग द्वारा विश्वविद्यालय स्तरीय निबंध सह वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम समन्वयक डॉ. जिन्दर सिंह मुण्डा के निर्देशन में आयोजित प्रतियोगिता में कुल 126 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया, जिनमें से 39 प्रतिभागियों ने अंतिम रूप से अपनी सहभागिता दर्ज कराई। प्रतियोगिता के निर्णायक के रूप में डॉ. बिनोद कुमार एवं डॉ. आशा कुमारी गुप्ता ने दोनों प्रतियोगिताओं के प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों का चयन किया।
विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. राजीव मनोहर ने बताया कि 6 जुलाई को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती के अवसर पर पूरे सप्ताह विभिन्न अकादमिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। निबंध एवं वाद-विवाद प्रतियोगिता उसी श्रृंखला का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता के विजेताओं को 6 जुलाई को आयोजित मुख्य समारोह में सम्मानित किया जाएगा।
कुलपति ने यह भी बताया कि जयंती के अवसर पर विश्वविद्यालय में रक्तदान शिविर सहित कई अन्य सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में डॉ. मृत्युंजय कोइरी, डॉ. जितेन्द्र सिंह, डॉ. विजय कुमार, डॉ. जय किशोर मंगल, मनीष कुमार मिश्रा, मनीषा बोदरा, संजय कुमार साहू तथा हिंदी विभाग के सभी सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इसकी जानकारी विश्वविद्यालय के जनसंपर्क पदाधिकारी (PRO) डॉ. राजेश कुमार सिंह ने दी।

