खूँटी । जिले के कर्रा प्रखंड अंतर्गत बकसपुर पंचायत में शुक्रवार को उपायुक्त के निर्देश पर जनसमस्या निवारण एवं परिसंपत्ति वितरण शिविर का आयोजन किया गया। उपायुक्त मो० जावेद हुसैन के निर्देश पर लगाए गये शिविर में तोरपा विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के जनप्रतिनिधि सुदीप गुड़िया पहुँचे और उन्होंने ग्रामीणों से सरकार की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा प्राप्त आवेदनों का निष्पादन किया गया तथा विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं के अंतर्गत कुल 143 लाभुकों के बीच लगभग ₹4,15,500 की परिसंपत्तियों एवं वित्तीय सहायता का वितरण किया गया। इसमें कृषि विभाग द्वारा बीज वितरण हेतु ₹16,000, कल्याण विभाग द्वारा छात्रवृत्ति मद में ₹45,000, सहकारिता विभाग द्वारा किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से ₹20,000, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत आयुष्मान भारत योजना के तहत ₹1,00,000, पशुपालन विभाग द्वारा बकरी पालन योजना के तहत ₹24,000 तथा खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले विभाग द्वारा ग्रीन राशन कार्ड का वितरण किया गया। इसके अतिरिक्त विभिन्न विभागों द्वारा प्राप्त आवेदनों का निष्पादन करते हुए पात्र लाभुकों को अन्य योजनाओं का लाभ भी उपलब्ध कराया गया। ㅤ
इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, अंचल अधिकारी, विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

