चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले में प्रोजेक्ट जागृति “बेहतर स्वास्थ्य की ओर एक कदम” अभियान के तहत आगामी 21 जून को आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन की ओर से शुक्रवार को “रन फॉर योगा” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को योग के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम की शुरुआत सदर अनुमंडल कार्यालय परिसर से हुई। यहां से जिला प्रशासन के अधिकारियों, कर्मचारियों, छात्र-छात्राओं और युवाओं ने उत्साहपूर्वक दौड़ में भाग लिया। प्रतिभागी शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होते हुए चाईबासा स्थित गांधी मैदान पहुंचे, जहां कार्यक्रम का समापन हुआ।
दौड़ के दौरान प्रतिभागियों ने योग के महत्व और इसके स्वास्थ्य लाभों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए स्लोगन, पोस्टर और होर्डिंग के माध्यम से जागरूकता संदेश प्रसारित किए। शहरवासियों को नियमित योगाभ्यास अपनाने और स्वस्थ जीवनशैली की ओर कदम बढ़ाने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम के अवसर पर उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार ने सभी प्रतिभागियों एवं उपस्थित लोगों को नियमित योगाभ्यास करने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए ही नहीं, बल्कि मानसिक और आध्यात्मिक संतुलन बनाए रखने के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण है।

उप विकास आयुक्त ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को जिला, अनुमंडल, प्रखंड एवं पंचायत स्तर पर विशेष योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने जिलेवासियों से अधिक से अधिक संख्या में इन कार्यक्रमों में भाग लेने तथा योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति तनावमुक्त जीवन जी सकता है और विभिन्न प्रकार की बीमारियों से बचाव संभव है। योग स्वस्थ समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है और यह भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है।
कार्यक्रम में प्रशिक्षु आईएएस, उप निर्वाचन पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी (सदर), जिला शिक्षा अधीक्षक, उपसमाहर्ता नजारत, जिला खेल पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को सफल बनाने तथा योग के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने का संकल्प लिया।


