राज्यसभा चुनाव में परिमल नाथवानी की जीत पर भाजपा में उत्साह, नेताओं ने कहा- यह तो जीत की शुरुआत

रांची: झारखंड राज्यसभा चुनाव में एनडीए समर्थित उम्मीदवार परिमल नाथवानी की जीत के बाद झारखंड भाजपा में उत्साह का माहौल है। पार्टी नेताओं ने इसे एनडीए की एकजुटता, मजबूत संगठन और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की नीतियों पर जनता के विश्वास का परिणाम बताया है।

झारखंड भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि यह विजय एनडीए की एकजुटता, सशक्त संगठन और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह जीत केवल शुरुआत है और आने वाले समय में भी एनडीए का विजय अभियान जारी रहेगा। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्यसभा चुनाव में पार्टी की रणनीति विफल साबित हुई।

वहीं, झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि परिमल नाथवानी की उम्मीदवारी के साथ ही उनकी जीत लगभग तय मानी जा रही थी। उन्होंने कहा कि नाथवानी का अनुभव, कार्यशैली और झारखंड से उनका जुड़ाव उन्हें अन्य उम्मीदवारों से अलग बनाता है। मरांडी ने दावा किया कि विधायकों ने राज्यहित और विकास को प्राथमिकता देते हुए मतदान किया।

भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने इस जीत को एनडीए की एकजुटता और संगठनात्मक मजबूती का परिणाम बताया। उन्होंने विश्वास जताया कि परिमल नाथवानी अपने अनुभव और जनसेवा के संकल्प के साथ झारखंड एवं देशहित में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

जीत के बाद भाजपा प्रदेश कार्यालय में परिमल नाथवानी का भव्य स्वागत किया गया। उन्होंने पार्टी कार्यालय पहुंचकर डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि वे झारखंड को अपनी “कर्मभूमि” मानते हैं और राज्य के विकास, निवेश संवर्धन तथा जनहित के मुद्दों को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top