रांची: झारखंड के यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। रांची से बेंगलुरु और हैदराबाद के लिए दो नई ट्रेनों के संचालन का प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को भेज दिया गया है। प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद दोनों शहरों के लिए सीधी रेल सेवा उपलब्ध हो सकेगी, जिससे यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, बेंगलुरु सेक्शन में चल रहे नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य के पूरा होने के बाद नई ट्रेन के लिए स्लॉट उपलब्ध होने की संभावना है। यह कार्य अगले एक माह में पूरा होने की उम्मीद है। इसके बाद ट्रेनों के संचालन को लेकर आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
प्रस्तावित योजना के अनुसार रांची-बेंगलुरु ट्रेन बरकाकाना, गया, जबलपुर, नागपुर, काजीपेट और धर्मावरम होते हुए बेंगलुरु पहुंचेगी। इस ट्रेन का संचालन सप्ताह में चार दिन—सोमवार, बुधवार, गुरुवार और शुक्रवार—किए जाने की योजना है।
वहीं, रांची-हैदराबाद ट्रेन सप्ताह में चार दिन—सोमवार, बुधवार, गुरुवार और शनिवार—चलाई जाएगी। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल दोनों ट्रेनों को स्पेशल ट्रेन के रूप में प्रस्तावित किया गया है। यात्रियों की संख्या और परिचालन अनुभव के आधार पर भविष्य में इन्हें नियमित ट्रेनों में परिवर्तित किया जा सकता है।
इन नई रेल सेवाओं के शुरू होने से झारखंड, विशेषकर रांची से दक्षिण भारत जाने वाले छात्रों, नौकरीपेशा लोगों और व्यवसायियों को काफी सुविधा मिलने की उम्मीद है।

