गुमला में अवैध खनन और बालू परिवहन पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, कई ट्रैक्टरों पर प्राथमिकी दर्ज

गुमला: जिले में अवैध खनन, अवैध परिवहन एवं अवैध भंडारण के खिलाफ जिला प्रशासन का विशेष अभियान लगातार जारी है। उपायुक्त के निर्देश पर अनुमंडल पदाधिकारी के नेतृत्व में विभिन्न प्रखंडों एवं थाना क्षेत्रों में चलाए गए छापामारी अभियान के दौरान कई मामलों में प्राथमिकी दर्ज की गई तथा अवैध रूप से भंडारित बालू जब्त किया गया।

प्रशासनिक कार्रवाई के तहत बसिया थाना क्षेत्र में 10 जून को अवैध बालू परिवहन में संलिप्त पाए गए चार ट्रैक्टरों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई। इनमें पंजीकरण संख्या JH07K9993 और JH20B4980 वाले ट्रैक्टर शामिल हैं, जबकि दो ट्रैक्टर बिना पंजीकरण संख्या के संचालित होते पाए गए।

वहीं 11 जून को घाघरा थाना क्षेत्र में अवैध परिवहन में संलिप्त दो ट्रैक्टरों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। इनमें एक ट्रैक्टर संख्या JH07L6810 तथा एक अन्य बिना पंजीकरण संख्या का ट्रैक्टर शामिल है।

छापामारी अभियान के दौरान जिले में संचालित चिमनी भट्ठों एवं बालू भंडारण अनुज्ञप्तियों की भी जांच की गई। जांच में निर्धारित शर्तों और प्रावधानों के उल्लंघन के मामले सामने आने पर संबंधित संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया गया है।

इसी क्रम में सिसई अंचल के मौजा जिन्दा बरगांव में लगभग 38 हजार घनफीट बालू अवैध रूप से भंडारित पाया गया। प्रशासन ने उक्त बालू को जब्त कर लिया है तथा मामले में सिसई थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा। प्रशासन ने आम लोगों से भी अपील की है कि अवैध खनन से जुड़ी किसी भी गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन को दें, ताकि त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top