प्रतिभाशाली युवा ही राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति : राज्यपाल संतोष गंगवार

बहरागोड़ा, 10 जून। झारखंड के संतोष कुमार गंगवार ने पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा स्थित देव वाटिका में आयोजित ‘प्रतिभा सम्मान समारोह-2026’ में दसवीं और बारहवीं की परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि किसी भी समाज की सबसे बड़ी पूंजी उसकी युवा प्रतिभाएं होती हैं और शिक्षित, संस्कारित तथा जिम्मेदार युवा ही राष्ट्र की वास्तविक शक्ति हैं।

राज्यपाल ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल रोजगार प्राप्त करना नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण, सामाजिक चेतना और राष्ट्र के प्रति उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना भी है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी अपार प्रतिभाएं मौजूद हैं, जिन्हें उचित अवसर, मार्गदर्शन और प्रोत्साहन की आवश्यकता है।

उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन में उच्च लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर परिश्रम करने की प्रेरणा देते हुए कहा कि सफल व्यक्ति बनने से अधिक महत्वपूर्ण एक अच्छा इंसान बनना है। विद्यार्थियों को विनम्रता, संस्कार और मानवीय मूल्यों को अपनाने का संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि अपनी प्रतिभा और ज्ञान का उपयोग समाज और राष्ट्र के कल्याण के लिए भी करना चाहिए।

राज्यपाल ने विश्वास जताया कि झारखंड की युवा पीढ़ी अपने परिश्रम, प्रतिभा और संस्कारों के बल पर राज्य और देश का नाम रोशन करेगी।

कार्यक्रम के बाद राज्यपाल ने प्रतिभावान विद्यार्थियों के साथ भोजन किया तथा उनसे संवाद कर उनके सपनों, लक्ष्यों और भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top