धनबाद, 10 जून। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की धनबाद जिला समिति द्वारा बुधवार को टाउन हॉल में एक दिवसीय BLA-2 एवं बूथ स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष लक्खी सोरेन ने की, जबकि संचालन जिला सचिव मन्नू आलम ने किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में झामुमो के केंद्रीय महासचिव एवं केंद्रीय प्रवक्ता विनोद कुमार पाण्डेय शामिल हुए। सम्मेलन की शुरुआत झारखंड आंदोलन के महानायक और झामुमो संस्थापक शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई।
सम्मेलन में धनबाद जिले के विभिन्न प्रखंडों और पंचायतों से सैकड़ों BLA-2, बूथ अध्यक्ष, बूथ सचिव और बूथ स्तरीय कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना, बूथ प्रबंधन को सुदृढ़ बनाना तथा आगामी चुनावी चुनौतियों के लिए कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करना था।
अपने संबोधन में विनोद कुमार पाण्डेय ने कहा कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा में प्रत्येक कार्यकर्ता की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाया कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया के माध्यम से झारखंड के वास्तविक मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि झामुमो ऐसे किसी भी प्रयास का लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से विरोध करेगी।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपने-अपने बूथ क्षेत्रों में मतदाता सूची का सत्यापन करने, पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने और हटाए गए नामों को पुनः शामिल कराने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। साथ ही बूथ स्तर के संगठन को पार्टी की सबसे बड़ी ताकत बताया।
सम्मेलन में मतदाता सूची पुनरीक्षण, बूथ प्रबंधन, सदस्यता अभियान, संगठन विस्तार और चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों पर विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया। कार्यकर्ताओं ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा पार्टी की नीतियों और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के अंत में टुंडी विधायक मथुरा प्रसाद महतो ने सभी अतिथियों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।

