रांची, 10 जून। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने कांग्रेस पर राज्यसभा चुनाव की संवैधानिक प्रक्रिया को प्रभावित करने का आरोप लगाया है। भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता, मंत्री, विधायक और कार्यकर्ताओं ने विधानसभा परिसर में पहुंचकर अशांति का माहौल बनाया तथा चुनाव प्रक्रिया पर दबाव बनाने का प्रयास किया।
आदित्य साहू ने कहा कि राज्यसभा चुनाव में संभावित हार की आशंका से कांग्रेस बौखला गई है और इसी कारण उसके नेता एवं कार्यकर्ता रिटर्निंग ऑफिसर पर अनावश्यक दबाव बनाने तथा संवैधानिक प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान की भावना के खिलाफ बताया।
उन्होंने विधानसभा परिसर में हुए हंगामे को गंभीर विषय बताते हुए विधानसभा अध्यक्ष से मांग की कि संवैधानिक प्रक्रिया में बाधा डालने वालों के खिलाफ तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाए।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं को विधानसभा के बाहर रोक दिया गया, जबकि कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को परिसर के भीतर प्रवेश की अनुमति दी गई। उन्होंने इसे प्रशासन का दोहरा मापदंड बताते हुए निष्पक्षता पर प्रश्न खड़े किए।
आदित्य साहू ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने झारखंड के स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं की उपेक्षा कर राज्यसभा के लिए ऐसे उम्मीदवार को मैदान में उतारा है, जिसका राज्य से प्रत्यक्ष जुड़ाव नहीं रहा है। उन्होंने कहा कि इससे कांग्रेस की स्थानीय नेतृत्व के प्रति सोच उजागर होती है।
उन्होंने कहा कि भाजपा लोकतांत्रिक और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है तथा चुनावी प्रक्रियाओं को प्रभावित करने के किसी भी प्रयास का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करती रहेगी।
प्रेस वार्ता में भाजपा के प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह, प्रदेश प्रवक्ता रमाकांत महतो, प्रदेश मीडिया सह प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह एवं अशोक बड़ाईक भी उपस्थित थे।

