धनबाद, 11 जून। धनबाद के उप विकास आयुक्त सन्नी राज ने जिले में स्वीकृत एवं प्रगतिशील सड़क परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए भू-अर्जन संबंधी बाधाओं को शीघ्र दूर करने का निर्देश दिया है।
सड़क निर्माण परियोजनाओं की समीक्षा को लेकर आयोजित बैठक में जिला विकास शाखा के प्रभारी पदाधिकारी, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी तथा पथ निर्माण विभाग (पथ प्रमंडल, धनबाद) के कार्यपालक अभियंता उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान उप विकास आयुक्त ने जिले में संचालित विभिन्न सड़क परियोजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। समीक्षा में पाया गया कि भू-अर्जन प्रक्रियाओं में हो रही देरी के कारण कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं के कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
इस पर सन्नी राज ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे आपसी समन्वय स्थापित कर भूमि अधिग्रहण से जुड़ी सभी समस्याओं का शीघ्र समाधान करें, ताकि विकास कार्यों को गति मिल सके और योजनाएं निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी की जा सकें।
उन्होंने सभी संबंधित विभागों को परियोजनाओं की नियमित निगरानी करने का भी निर्देश दिया और कहा कि सड़क निर्माण कार्यों में तेजी लाकर आम जनता को जल्द से जल्द बेहतर यातायात सुविधाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए।

