पलामू में बेटी की हत्या करने वाला पिता गिरफ्तार:प्रेमी पहले ही पहुंच चुका है सलाखों के पीछे, आपत्तिजनक तस्वीरें की थी वायरल




पलामू में एक सप्ताह पहले हुए ऑनर किलिंग मामले में पुलिस ने बेटी की हत्या करने वाले पिता अगस्त कुमार महतो को गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले, युवती के प्रेमी राजबली मेहता को भी पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। इस मामले में कई सनसनीखेज खुलासे हुए हैं। यह वारदात 25 मई को लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के लोहरा गांव में हुई थी। प्रारंभिक जांच में इसे ऑनर किलिंग का मामला माना गया था। पुलिस अनुसंधान में सामने आया कि युवती के प्रेमी राजबली मेहता ने उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें वायरल की थीं। दोनों ने गुपचुप तरीके से शादी भी कर ली थी राजबली मेहता और युवती के बीच इंस्टाग्राम के माध्यम से प्रेम संबंध था। दोनों ने गुपचुप तरीके से शादी भी कर ली थी। बाद में जब युवती ने सामाजिक रूप से शादी की मांग की, तो राजबली उससे पीछा छुड़ाना चाहता था। आरोप है कि उसने एक साजिश के तहत युवती की आपत्तिजनक तस्वीरें उसके परिजनों तक पहुंचा दीं। इन तस्वीरों को देखने के बाद परिवार में तनाव बढ़ गया। इसके बाद पिता अगस्त कुमार महतो ने अपनी बेटी की हत्या कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए, पुलिस ने 26 मई को प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की थी। पलामू एसपी कपिल चौधरी के निर्देश पर गठित टीम ने छापेमारी कर मुख्य आरोपी अगस्त कुमार महतो को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर जब्त कर ली है। वहीं, इस मामले से जुड़ा एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top