fifa world cup finds new home on zee until 2034


भारत में फीफा वर्ल्ड कप 2026 के प्रसारण को लेकर बना सस्पेंस अब पूरी तरह खत्म हो गया है। इस महाकुंभ के प्रसारण अधिकार Zee एंटरटेनमेंट ने खरीद लिए हैं। अब भारतीय फुटबॉल फैंस फीफा वर्ल्ड कप के सभी मुकाबलों का आनंद Zee के प्लेटफॉर्म पर ले सकेंगे। टीवी पर इन मैचों का सीधा प्रसारण ‘Unite8 Sports’ नाम के चैनल पर किया जाएगा, जबकि मोबाइल और डिजिटल यूजर्स के लिए Zee5 ऐप पर मैचों की लाइव स्ट्रीमिंग उपलब्ध होगी।

11 जून से शुरू होगा टूर्नामेंट

फीफा वर्ल्ड कप 2026 इसी महीने यानी 11 जून से शुरू होने जा रहा है। इस बार इस भव्य टूर्नामेंट की मेजबानी तीन देश अमेरिका, मेक्सिको और कनाडा मिलकर कर रहे हैं। खास बात यह है कि Zee ने सिर्फ 2026 वर्ल्ड कप ही नहीं, बल्कि 2030 का फीफा वर्ल्ड कप, 2027 का महिला फीफा वर्ल्ड कप और 2034 तक के कई अन्य बड़े फीफा इवेंट्स के अधिकार भी अपने नाम कर लिए हैं। इसके अलावा अंडर-17, अंडर-20 वर्ल्ड कप और फुटसल वर्ल्ड कप का प्रसारण भी Zee ही करेगा।

इसे भी पढ़ें: Divyanshi Bhowmick ने रचा स्वर्णिम इतिहास, WTT Feeder में दो Gold Medal जीतने वाली सबसे युवा भारतीय

फुटबॉल के भविष्य पर Zee को पूरा भरोसा

ZEE के सीईओ पुनीत गोयनका ने इस साझेदारी पर खुशी जताते हुए कहा कि वे दुनिया के सबसे बड़े खेल आयोजन को भारतीय दर्शकों तक लाने के लिए उत्साहित हैं। उन्होंने कहा कि फुटबॉल हर उम्र और वर्ग के लोगों को आपस में जोड़ता है। नए स्पोर्ट्स चैनल की शुरुआत और मीडिया राइट्स खरीदना यह साफ दिखाता है कि कंपनी को भारत में फुटबॉल के भविष्य पर पूरा भरोसा है। इस साझेदारी से हर फैन के लिए खेल का रोमांच दोगुना हो जाएगा।

इसे भी पढ़ें: Football का महासंग्राम FIFA World Cup 2026, जानें प्रतिष्ठित Golden Boot का पूरा इतिहास और सच

JioStar के साथ नहीं बन पाई फीफा की बात

इससे पहले चर्चा थी कि JioStar फीफा के प्रसारण अधिकार खरीदना चाहता है। फीफा इसके लिए पहले 10 करोड़ डॉलर की मांग कर रहा था, जो बाद में घटकर 6 करोड़ डॉलर तक आ गई थी। हालांकि, JioStar इस टूर्नामेंट के लिए सिर्फ 2 करोड़ डॉलर ही देने को तैयार था, जिसके कारण फीफा ने उन्हें राइट्स देने से मना कर दिया। बता दें कि साल 2022 के फीफा वर्ल्ड कप के अधिकार Viacom18, जो अब JioStar का हिस्सा है, के पास थे, जिसके लिए उन्होंने 6.2 करोड़ डॉलर चुकाए थे। अब यह जिम्मेदारी लंबे समय के लिए Zee के पास आ गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top