![]()
जमशेदपुर के आजादनगर थाना क्षेत्र के रोड नंबर-3 में सोमवार को दो पक्षों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। इस दौरान जमकर मारपीट हुई, जिससे इलाके में अफरातफरी मच गई। घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद के दौरान कुछ युवकों ने घायल युवक को घेर लिया और उस पर लोहे के रॉड से हमला कर दिया। हमले में युवक के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। आरोप है कि इसी दौरान एक युवक ने हथियार निकालकर फायरिंग करने की कोशिश की, लेकिन तकनीकी खराबी के कारण गोली नहीं चल सकी, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। स्थानीय लोगों ने हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया हमले से बचने के लिए घायल युवक पास की एक मस्जिद की ओर भागा और वहां शरण लेने का प्रयास किया। हालांकि, हमलावर उसका पीछा करते हुए मस्जिद तक पहुंच गए और उसके साथ मारपीट जारी रखी। बाद में स्थानीय लोगों ने हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया। घटना की सूचना मिलने पर आजादनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस को घटनास्थल से एक गोली बरामद हुई है। पूछताछ के लिए दो युवकों को हिरासत में लिया गया है। हिरासत में लिए गए एक युवक ने पुलिस को बताया है कि मौके पर फायरिंग का प्रयास किया गया था। लोहे के रॉड से लगातार हमला करता रहा युवक इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। फुटेज में कुछ युवक एक युवक के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। एक युवक लोहे के रॉड से लगातार हमला करता नजर आ रहा है। बीच-बचाव करने पहुंचे लोगों के साथ भी धक्का-मुक्की और मारपीट की गई। फिलहाल, पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। विवाद की असली वजह का पता लगाया जा रहा है। घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस ने निगरानी बढ़ा दी है और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
