31 जुलाई तक पूरी होगी नामांकन प्रक्रिया, 3 अगस्त से नए सत्र की कक्षाएं होंगी प्रारंभ
डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय (डीएसपीएमयू), रांची ने स्नातक सत्र 2026-30 के विभिन्न पारंपरिक एवं व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में नामांकन के लिए मेधा सूची जारी कर दी है। विश्वविद्यालय में प्रथम चरण की काउंसलिंग एवं नामांकन प्रक्रिया 8 जुलाई से प्रारंभ होगी।
कुलपति डॉ. राजीव मनोहर ने बताया कि इस वर्ष नामांकन प्रक्रिया चार चरणों में आयोजित की जाएगी। प्रथम चरण की काउंसलिंग 8 से 11 जुलाई, द्वितीय चरण 14 से 17 जुलाई, तृतीय चरण 21 एवं 22 जुलाई तथा अंतिम चरण 25 एवं 26 जुलाई को होगी।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को वेबसाइट पर उपलब्ध अपनी श्रेणीवार रैंक के अनुसार निर्धारित तिथि पर संबंधित विभाग में उपस्थित होना होगा। विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर विषयवार सीटों की उपलब्धता, अद्यतन शुल्क संरचना, आरक्षण संबंधी जानकारी, काउंसलिंग का कार्यक्रम, स्थान तथा आवश्यक दस्तावेजों की सूची उपलब्ध करा दी गई है।
कुलपति ने बताया कि 31 जुलाई तक संपूर्ण नामांकन प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी, जबकि नए शैक्षणिक सत्र की कक्षाएं 3 अगस्त से प्रारंभ होंगी।
आईटी इंचार्ज डॉ. अनुपम कुमार ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे वेबसाइट पर उपलब्ध आवश्यक दस्तावेजों की सूची के अनुसार सभी प्रमाणपत्र पहले से तैयार रखें। उन्होंने यह भी बताया कि स्पोर्ट्स कोटा के तहत आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को 20 एवं 21 जुलाई 2026 को अपने सभी मूल प्रमाणपत्रों के साथ विश्वविद्यालय परिसर में सत्यापन के लिए उपस्थित होना होगा।
विश्वविद्यालय के जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ. राजेश कुमार सिंह ने विद्यार्थियों से निर्धारित कार्यक्रम का पालन करते हुए समय पर काउंसलिंग में शामिल होने की अपील की है।

