रांची पुलिस के 18 अधिकारियों का तबादला, प्रकाश कुमार रजक बने बरियातू थाना के नए प्रभारी

रांची। राजधानी रांची में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्यालय की ओर से जारी आदेश के तहत 15 पुलिस अधिकारियों और तीन इंस्पेक्टरों का तबादला करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। सभी अधिकारियों को शीघ्र अपने नए पदस्थापन स्थल पर योगदान देने का निर्देश दिया गया है।

जारी आदेश के अनुसार, इंस्पेक्टर प्रकाश कुमार रजक को बरियातू थाना का नया प्रभारी बनाया गया है। वहीं इंस्पेक्टर मनोज कुमार-2 को गोन्दा यातायात थाना की जिम्मेदारी दी गई है। इंस्पेक्टर रेणु गुप्ता को चुटिया (कोतवाली) यातायात थाना का प्रभारी नियुक्त किया गया है। इसके अलावा अवध बिहारी कुंवर को खेलगांव यातायात थाना तथा धर्मेन्द्र कुमार को पंडरा यातायात थाना का नया प्रभारी बनाया गया है।

उप-निरीक्षक स्तर पर भी कई अहम बदलाव किए गए हैं। शैलेन्द्र टुडू को नरकोपी थाना प्रभारी, कफील अहमद को बेड़ो थाना प्रभारी, विकास कुमार पासवान को मुरी ओपी प्रभारी और दिनेश कुमार ठाकुर को विधानसभा थाना का प्रभारी नियुक्त किया गया है।

इसके अलावा शिवनारायण तिवारी को ईटकी थाना, गगन कुमार ठाकुर को सिकिदिरी थाना तथा दुलाल कुमार महतो को तमाड़ थाना की कमान सौंपी गई है। वहीं कुन्दन कुमार को दशमफॉल थाना और अभिषेक कुमार-2 को राहे थाना का प्रभारी बनाया गया है।

टीओपी स्तर पर भी प्रशासन ने बदलाव करते हुए राहुल को मोरहाबादी टीओपी, विवेक कुमार दुबे को चुटुपालू टीओपी तथा पूजा विभुति उरांव को सुखदेवनगर स्थित हिल टीओपी का प्रभारी नियुक्त किया है।

पुलिस प्रशासन का कहना है कि इस व्यापक फेरबदल का उद्देश्य थाना स्तर पर पुलिसिंग को अधिक प्रभावी बनाना, अपराध नियंत्रण को मजबूत करना और यातायात व्यवस्था में सुधार लाना है। अधिकारियों के नए पदस्थापन से विभिन्न क्षेत्रों में प्रशासनिक कार्यों में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top