आदिम माहली माहाल की बैठक में अल्पना माहली को न्याय दिलाने का संकल्प

मुसाबनी (पूर्वी सिंहभूम): मुसाबनी नंबर-1, लिटिल फ्लावर स्कूल के समीप डाक बंगला स्थित आदिम माहली माहाल कार्यालय में रविवार को ‘आदिम माहली माहाल, झारखंड पोनोत’ की एक अत्यंत महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता झारखंड पोनोत माझी बाबा बुधेश्वर मार्डी ने की। बैठक में सामाजिक एकजुटता, पारंपरिक स्वशासन व्यवस्था को मजबूत करने और समाज से जुड़े ज्वलंत मुद्दों पर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक की शुरुआत में आदिवासी बेटी अल्पना माहली के साथ हुई अमानवीय घटना पर गहरा दुख और आक्रोश व्यक्त किया गया। उपस्थित सभी सदस्यों ने एक स्वर में कहा कि माहली समाज इस न्याय की लड़ाई में पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ा है। समाज दोषियों को कड़ी सजा दिलाने के लिए हर संभव कानूनी, सामाजिक और नैतिक सहयोग प्रदान करेगा।
बीते 5 जून 2026 को उपायुक्त (पूर्वी सिंहभूम) के साथ हुई राउंड टेबल कॉन्फ्रेंस के निर्णयों को लागू करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। जिला प्रशासन द्वारा माझी बाबाओं की सूची तैयार करने की जिम्मेदारी ‘पारंपरिक स्वशासन व्यवस्था आदिम माहली माहाल’ को दी गई है, जिसका समाज ने स्वागत किया।
इस सूची को संकलित करने के लिए विभिन्न क्षेत्रों में बैठकों की तिथियां इस प्रकार तय की गई हैं:
12 जुलाई 2026 (सुबह 10 बजे): आदिवासी कला केंद्र, ज्वालकांटा भवन में गुड़ाबांदा पुड़सी की बैठक। 19 जुलाई 2026 (सुबह 10 बजे): पोटका पुड़सी में बैठक।
26 जुलाई 2026: दक्षिण बादिया पंचायत भवन में मुसाबनी एवं डुमरिया पुड़सी के माझी बाबाओं की बैठक।
वही घाटशिला, पटमदा, बहरागोड़ा, धालभूमगढ़, बोड़ाम, गोलमुरी-सह-जुगसलाई एवं चाकुलिया पुड़सी की बैठक की तारीखें जल्द घोषित की जाएंगी।

बैठक में ‘झारखंड पोनोत हेलमेल 2026’ के कार्यों और आय-व्यय के विस्तृत लेखा-जोखा की समीक्षा की गई। संगठन द्वारा पारंपरिक स्वशासन व्यवस्था को मजबूत करने के प्रयासों की सराहना की गई। इसके साथ ही, निर्णय लिया गया कि आगामी प्रांतीय सम्मेलन को बड़े पैमाने पर और व्यापक जनभागीदारी के साथ आयोजित किया जाएगा, ताकि माहली समाज की संगठनात्मक शक्ति को नई दिशा मिल सके।
बैठक में मुख्य रूप से झारखंड पोनोत परगना बाबा नंदलाल माहली, झारखंड पोनोत माझी बाबा बुधेश्वर मार्डी, झारखंड पोनोत जोग माझी शंकर सेन माहली, पूर्वी सिंहभूम तोरोप परगना बाबा बसुदेव मार्डी, तोरोप जोग माझी लक्ष्मण मार्डी, डुमरिया पुड़सी माझी बाबा अकलू सोरेन, मुसाबनी पुड़सी माझी बाबा व झारखंड आंदोलनकारी सुराई बास्के, मुसाबनी नं.-1 माझी बाबा सोबरा हेम्ब्रम, लाटिया जोग माझी दामू माहली, लाटिया माझी प्रतिनिधि सुभाष माहली, पोटका पुड़सी माझी बाबा गंगाराम माहली, लिपिघुटू माझी बाबा सालखान माहली, टोटा बादिया माझी हाेपोन ईश्वर किस्कू, बड़ाघाट माझी होपोन सुनील मुर्मू सहित समाज के कई अन्य प्रतिनिधि उपस्थित थे।
बैठक के अंत में पूर्वी सिंहभूम तोरोप परगना बाबा बसुदेव मार्डी ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने आने वाली पीढ़ियों के भविष्य और सामाजिक अधिकारों की रक्षा के लिए पारंपरिक स्वशासन व्यवस्था को सशक्त बनाने का आह्वान किया। धन्यवाद ज्ञापन के साथ बैठक का सफल समापन हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top