डीएसपीएमयू में रक्तदान शिविर का आयोजन, कुलपति प्रो. राजीव मनोहर ने स्वयं रक्तदान कर विद्यार्थियों को किया प्रेरित

डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर सोमवार को विश्वविद्यालय कैंटीन परिसर में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन रोटारैक्ट क्लब ऑफ डीएसपीएमयू द्वारा रोटरी क्लब ऑफ राँची एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के संयुक्त तत्वावधान में किया गया, जबकि सदर अस्पताल, राँची ने तकनीकी सहयोग प्रदान किया।

शिविर की सबसे खास बात यह रही कि विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राजीव मनोहर ने स्वयं रक्तदान कर विद्यार्थियों और शिक्षकों को इस पुनीत कार्य के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का शुभारंभ भूगोल विभागाध्यक्ष एवं रोटारैक्ट क्लब के मेंटर डॉ. अभय कृष्ण सिंह ने प्रथम रक्तदाता के रूप में रक्तदान कर किया।

इस अवसर पर कुलपति प्रो. राजीव मनोहर ने कहा कि “रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं होता।” उन्होंने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती पर इस प्रकार का आयोजन समाज सेवा और मानवीय मूल्यों के प्रति समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने विद्यार्थियों से सामाजिक सरोकारों से जुड़े ऐसे अभियानों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में रोटरी क्लब ऑफ राँची के अध्यक्ष रोटेरियन ललित त्रिपाठी, पूर्व अध्यक्ष गौरव बागरोय, पूर्व अध्यक्ष दीपक श्रीवास्तव, सचिव शालिनी सिंघानिया तथा डॉ. शमा सोनाली विशेष रूप से उपस्थित रहे।

रक्तदान शिविर में एनसीसी एवं एनएसएस के बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शिविर के दौरान कुल 48 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया, जिसे सदर अस्पताल, रांची को सौंपा जाएगा। कार्यक्रम की जानकारी विश्वविद्यालय के जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ. राजेश कुमार सिंह ने दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top