पिठौरिया थाना पुलिस ने चोरी के दो मामलों का किया खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार

रांची, 19 मई : पिठौरिया थाना पुलिस ने चोरी के दो अलग-अलग मामलों का खुलासा करते हुए कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी गए सामान और घटना में प्रयुक्त वाहन भी बरामद किए हैं।

पहला मामला पिठौरिया थाना कांड संख्या-51/26 से जुड़ा है, जिसमें वादी जयदीप कुमार के लिखित आवेदन के आधार पर अज्ञात अपराधियों के खिलाफ कुएं में लगे टूलू पंप की चोरी का मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने अनुसंधान के दौरान चोरी गया भूरा रंग का टूलू पंप (सिरियल नंबर-7763) तथा घटना में प्रयुक्त टीवीएस मोटरसाइकिल संख्या बीआर30बी-7289 बरामद किया। इस मामले में पुलिस ने अलफाज अंसारी और राम बाबू को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों ने पूछताछ में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है।

गिरफ्तार आरोपियों में अलफाज अंसारी (20 वर्ष), निवासी पीरूटोला, थाना पिठौरिया तथा राम बाबू (30 वर्ष), निवासी विधाननगर, सुखदेवनगर थाना क्षेत्र शामिल हैं।

वहीं दूसरे मामले में पिठौरिया थाना कांड संख्या-52/26 के तहत शहरमनि देवी के आवेदन पर जलेश्वर महतो और अबुतलहा अंसारी के खिलाफ घर में घुसकर चोरी करने का मामला दर्ज किया गया था। आरोप है कि 15 मई की रात दोनों आरोपियों ने वादिनी के घर में घुसकर एक जोड़ी पायल और 10 हजार रुपये नकद की चोरी की थी।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया तथा उनके पास से चोरी के 5 हजार रुपये नगद बरामद किए। गिरफ्तार आरोपियों में अबुतलहा अंसारी (31 वर्ष) और महाराज उर्फ जलेश्वर महतो (38 वर्ष), दोनों निवासी काटमकुली, थाना पिठौरिया शामिल हैं। दोनों ने अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।

इन दोनों मामलों के उद्भेदन में थाना प्रभारी सतीश कुमार-1, पु०अ०नि० सत्यदेव प्रसाद, पु०अ०नि० संजय कुमार, स०अ०नि० उमाशंकर सिंह, स०अ०नि० संतोष महतो एवं सशस्त्र बल की अहम भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top