डीएसपीएमयू में IQAC की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित, NAAC तैयारी और गुणवत्ता सुधार पर हुआ मंथन
रांची। Dr. Shyama Prasad Mukherjee University में दिनांक 18 मई को आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ (IQAC) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। विश्वविद्यालय के गांधी सभागार में आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता कुलपति डॉ राजीव मनोहर ने की। बैठक का मुख्य उद्देश्य विश्वविद्यालय की अकादमिक एवं शोध गुणवत्ता को और बेहतर बनाने की दिशा में रणनीति तय करना था।
बैठक में कुलपति डॉ राजीव मनोहर ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए एक अनुकूल शैक्षणिक वातावरण तैयार करना विश्वविद्यालय का मुख्य लक्ष्य है। उन्होंने शिक्षण, सीखने की प्रक्रिया और प्रशासनिक कार्यों के लिए विशेष गुणवत्ता मानदंड विकसित करने पर जोर दिया। साथ ही संकाय सदस्यों से नई शिक्षण तकनीकों को अपनाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक गतिविधियों का व्यवस्थित डेटा संकलन अत्यंत आवश्यक है। आगामी NAAC निरीक्षण को ध्यान में रखते हुए उन्होंने निर्देश दिया कि विश्वविद्यालय में प्रतिवर्ष वार्षिक गुणवत्ता आश्वासन रिपोर्ट (AQAR) तैयार रखी जाए, ताकि निरीक्षण के दौरान सभी आंकड़े व्यवस्थित रूप से उपलब्ध हों।
बैठक के दौरान विश्वविद्यालय की गुणवत्ता सुधार प्रक्रिया में विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं अन्य हितधारकों से नियमित फीडबैक लेने और उसके विश्लेषण को भी महत्वपूर्ण बताया गया। इस दौरान IQAC सदस्यों ने भी अपने सुझाव और विचार साझा किए।
बैठक में कुलसचिव डॉ धनंजय वासुदेव द्विवेदी, IQAC समन्वयक डॉ खुर्शीद अख्तर, डॉ अनुपम कुमार, डॉ गीतांजलि सिंह, डॉ अभय कृष्ण सिंह, डॉ शालिनी लाल, डॉ शमा सोनाली, डॉ विनय भरत एवं डॉ अभय सागर मिंज सहित कई सदस्य उपस्थित रहे। इसकी जानकारी पीआरओ डॉ राजेश कुमार सिंह ने दी।
