डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय (DSPMU), राँची के तीन छात्रों की एक टीम ने राष्ट्रीय स्तर के हैकाथॉन, ‘हिनोवेशन-2026’ (Hinnovation-2026) प्रतियोगिता में शामिल होकर और उसमें अपना श्रेष्ठ प्रदर्शन कर विश्वविद्यालय के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। राष्ट्रीय स्तर के इस प्रतियोगिता का आयोजन बीआईटी (BIT) सिंदरी द्वारा भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय के इनोवेशन सेल (MIC) के सहयोग से किया गया था।
इस अत्यंत प्रतिस्पर्धी हैकाथॉन प्रतियोगिता में पूरे भारत से शॉर्टलिस्ट की गई 20 टीमों ने हिस्सा लिया, जिसमें झारखंड के बाहर से आई 8 उत्कृष्ट टीमें भी शामिल थीं। उन आठ टीमों में से एक डीएसपीएमयू का प्रतिनिधित्व करते हुए ‘टीम हैकस्मिथ्स’—जिसमें बी.एस.सी. आईटी (सेमेस्टर-05) के तीन सदस्य के दल जिसमें अयन मुखर्जी, सेजल गुप्ता और विशाल कुमार शामिल थे, ने देश की कुछ सबसे बेहतरीन प्रतिभाओं के खिलाफ सफलतापूर्वक प्रतिस्पर्धा कर अपना श्रेष्ठ प्रदर्शन दिया। इस दल ने विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ राजीव मनोहर से शिष्टाचार भेंट कर उन्हें पूरी प्रतियोगिता की जानकारी दी। मौके पर डीएसपीएमयू के कुलपति प्रोफेसर (डॉ.) राजीव मनोहर ने इस तीन सदस्यों के दल को बधाई देते हुए कहा कि इतने प्रतिष्ठित राष्ट्रीय मंच पर विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करना और उसमें अपना श्रेष्ठ प्रदर्शन करना एक बड़ी बात होती है । उन्होंने आगे कहा कि आज के डिजिटल युग में नवाचार (इन्नोवेशन) और तकनीकी समस्या-समाधान के महत्व लगातार बढ़ता ही जा रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों के समर्पण और प्रतिस्पर्धा की भावना की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताओं में भाग लेने से सामूहिकता और प्रतिस्पर्धा की भावना का निरंतर विकास होता है।
विज्ञान संकाय की डीन डॉ. नमिता सिंह ने भी इस दल को उनके आगामी भविष्य के तकनीकी प्रयासों के लिए शुभकामनाएं दीं।इस अवसर पर विज्ञान संकाय की डीन डॉ नमिता सिंह और बीएससी आईटी विभाग के प्राध्यापक डॉ. राहुल देव साह और डॉ. राजेंद्र कुमार महतो की उपस्थिति रही । यह जानकारी पीआरओ डॉ राजेश कुमार सिंह ने दी।
