नई दिल्ली में आयोजित हुआ स्पोर्ट्स वूमेन ऑफ द ईयर सम्मान
रांची/नई दिल्ली। नई दिल्ली में स्पोर्ट्स वूमेन ऑफ द ईयर सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। यह आयोजन बीबीसी समूह के द्वारा किया गया था, जिसमें देशभर की राष्ट्रीय अंतरराष्ट्रीय महिला खिलाड़ियों का सम्मान किया गया। इस सम्मान समारोह में रक्षा राज्य मंत्री श्री संजय सेठ ने सबसे कम उम्र की पैराओलंपिक खिलाड़ी तीरंदाज शीतल देवी को इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द ईयर से सम्मानित किया जबकि मनु भाकर को प्लेयर ऑफ द ईयर से सम्मानित किया गया। शीतल देवी दिव्यांग हैं और पैरों से तीरंदाजी करती हैं। रक्षा राज्य मंत्री ने सम्मान के उपरांत तीरंदाज शीतल देवी को गोद लेने की भी घोषणा की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रक्षा राज्य मंत्री ने कहा कि हमारी बेटियों का मनोबल बढ़ाने के लिए ऐसे समारोह का आयोजन प्रशंसनीय है। इससे हमारी बेटियों का मनोबल निश्चित तौर पर बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि संयोग की बात है कि मैं झारखंड से आता हूँ, जो खेल की दुनिया में अलग पहचान रखता है। महेंद्र सिंह धोनी की लोकप्रियता तो ऐसी है कि विदेशों में भी उनके प्रशंसक मिल जाते हैं। झारखंड से आने वाली बेटियों ने खेल की दुनिया में काफ़ी नाम रोशन किया है। महिला हॉकी से लेकर तीरंदाज़ी तक में झारखंड की बेटियों ने काफ़ी शानदार खेल दिखाया है। फुटबॉल में भी कम उम्र से बेटियां अच्छा कर रही हैं। अंडर 17 फुटबॉल टीम में आधी टीम झारखंड की रही है। अब वे नेशनल टीम तक पहुँच रही हैं। इसके अलावा खोखों और लॉन बॉल जैसे खेल भी झारखंड की लड़कियाँ अंतरराष्ट्रीय इवेंट में मेडल जीत कर ला रही हैं। असुंता लकड़ा, रीना कुमारी, दीपिका कुमारी, लवली चौबे, सुमराय टेटे, सलीमा टेटे, अरुणा मिश्रा, पूर्णिमा महतो, सपना कुमारी, प्रियंका केरकेट्टा सहित कई बेटियों ने भारत को कई मेडल लाकर दिए। समाज की बेटियों के लिए यह सभी बेटियों प्रेरणा बनी है।
श्री सेठ ने कहा कि जिस विकसित भारत की बात प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी कर रहे हैं, उस विकसित भारत का स्वप्न इन खिलाड़ी बेटियों के सहयोग से भी पूरा होगा। इसके लिए हमारी सरकार लगातार ऐसे कार्यक्रमों को बढ़ावा देती आयी है, जिसमें बेटियों को सबल बनाने पर ज़ोर है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी खुद खेल को बढ़ाने को लेकर गंभीर है। खिलाड़ियों का प्रोत्साहन हो। उनका उत्साहवर्धन हो। खिलाड़ी अपने क्षेत्र में अच्छा करें, इस दिशा में हर तरह के प्रशिक्षण और संसाधन मुहैया कराई जा रहे हैं। बेटी पढ़ाओ, बेटी बढ़ाओ से लेकर खेलो इंडिया तक की नीतियों में इस बात पर ज़ोर दिया जा रहा है।
प्रधानमंत्री हमेशा इस पहलू को लेकर देशवासियों को राह दिखाते हैं।
श्री सेठ ने कहा कि झारखंड जैसे राज्य से हमारी बेटियों की उपलब्धियाँ बेमिसाल हैं। उनकी उपलब्धियां ने पूरे दुनिया में झारखंड और भारत का मस्तक ऊंचा किया है। भारतीय विमेंस हॉकी टीम की कप्तान सलीमा टेटे को अर्जुन अवार्ड से सम्मानित किया गया है। श्री सेठ ने कहा कि मैं झारखंड की बेटियों से ही नहीं बल्कि देश भर की बेटियों को कहूँगा कि तुम आगे बढ़ो, हमारी सरकार सारी सुविधाएँ मुहैया कराएँगी और ऐसे तमाम पुरस्कार तुम्हारी झोली में होंगे।
इस कार्यक्रम में भारत के पूर्व मुख्य न्यायाधीश श्री डी वाई चंद्रचूड़, अंतरराष्ट्रीय मुक्केबाज मैरी कॉम, क्रिकेटर मोहम्मद अजहरूद्दीन, सचिन पायलट, राजीव शुक्ला, सुधांशु मित्तल की गरिमामई में उपस्थिति रही।