नई दिल्ली/रांची। झारखंड के माइका उद्योग को पुनर्जीवित करने और उससे जुड़ी समस्याओं के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण पहल शुरू हुई है। अन्नपूर्णा देवी ने केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी. किशन रेड्डी से मुलाकात कर कोडरमा और गिरिडीह के माइका सेक्टर से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की।
बैठक में मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। इस दौरान कोडरमा और गिरिडीह क्षेत्रों में माइका उद्योग की वर्तमान स्थिति, चुनौतियों और संभावनाओं पर गहन विचार-विमर्श किया गया।
सूत्रों के अनुसार, दोनों मंत्रियों के बीच इस बात पर सहमति बनी कि माइका सेक्टर से जुड़े सभी हितधारकों—माइका एसोसिएशन और वर्कर एसोसिएशन सहित—के साथ जल्द ही दिल्ली में एक विस्तृत बैठक आयोजित की जाएगी। इसमें उद्योग के स्थायी समाधान और बेहतर नीतिगत पहल पर फोकस रहेगा।
केंद्र सरकार ने माइका खनन को पारदर्शी, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ाने के साथ-साथ श्रमिकों के हितों की सुरक्षा और उद्योग के सतत विकास को प्राथमिकता देने की बात दोहराई है।
यह पहल झारखंड के माइका क्षेत्र के लिए अहम मानी जा रही है, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ रोजगार के नए अवसर भी सृजित होने की उम्मीद है।

