हजारीबाग से रांची तक गूंजा पत्रकारों का आक्रोश, हमले के विरोध में सड़क पर उतरे मीडिया कर्मी

रांची :- झारखंड में पत्रकारों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। हजारीबाग में एक पत्रकार के साथ हुई मारपीट की घटना के विरोध में राज्यभर के पत्रकार एकजुट होते नजर आ रहे हैं। इसी कड़ी में राजधानी रांची में पत्रकारों ने जोरदार प्रदर्शन कर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की।

रांची के अल्बर्ट एक्का चौक पर आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में पत्रकार शामिल हुए। हाथों में तख्तियां और नारे लगाते हुए पत्रकारों ने स्पष्ट संदेश दिया कि अब चुप नहीं बैठेंगे। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि लोकतंत्र का चौथा स्तंभ लगातार हमलों का शिकार हो रहा है, जो बेहद चिंताजनक है।

प्रदर्शन के दौरान पत्रकारों ने झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी से इस मामले में माफी की मांग की। साथ ही उनके समर्थकों पर लगे आरोपों की निष्पक्ष जांच की भी मांग उठाई गई।

इस बीच, हजारीबाग में हमले का शिकार हुए पत्रकार भी रांची पहुंचे और उन्होंने अपनी आपबीती साझा की। उन्होंने बताया कि किस तरह उनके साथ बेरहमी से मारपीट की गई और प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई।

अब बड़ा सवाल यही है कि आखिर कब तक पत्रकारों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठते रहेंगे और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई कब सुनिश्चित होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top