रांची, 12 जून 2026। रांची नगर निगम द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 में होल्डिंग टैक्स संग्रहण अभियान को गति देने के उद्देश्य से उप नगर आयुक्त श्री गौतम प्रसाद साहू की अध्यक्षता में राजस्व शाखा की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कर संग्रहण की वर्तमान स्थिति, निर्धारित लक्ष्यों एवं आगामी रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
उप नगर आयुक्त ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में अब तक निगम द्वारा 32 करोड़ रुपये से अधिक होल्डिंग टैक्स का संग्रहण किया जा चुका है। वहीं 30 जून 2026 तक 50 करोड़ रुपये संग्रहण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। लक्ष्य प्राप्ति के लिए संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को विशेष अभियान चलाकर करदाताओं से संपर्क बढ़ाने, जागरूकता अभियान संचालित करने तथा संग्रहण प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि करदाताओं को प्रोत्साहित करने के लिए रांची नगर निगम द्वारा 30 जून 2026 तक होल्डिंग टैक्स के एकमुश्त भुगतान पर अधिकतम 10 प्रतिशत तक की विशेष छूट प्रदान की जा रही है। यह छूट वित्तीय वर्ष 2026-27 के देय होल्डिंग टैक्स पर लागू होगी।
श्री साहू ने शहरवासियों एवं करदाताओं से अपील करते हुए कहा कि वे निर्धारित अवधि के भीतर अपने होल्डिंग टैक्स का भुगतान कर इस विशेष छूट का लाभ उठाएं तथा शहर के विकास और बेहतर नागरिक सुविधाओं के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
बैठक में सहायक नगर आयुक्त, नगर प्रबंधक, कर संग्रहकर्ता एवं मेसर्स श्री पब्लिकेशन एंड स्टेशनर्स के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

