DSPMU में खेल सुविधाओं पर उठे सवाल, आदिवासी छात्र संघ ने कुलपति को सौंपा शिकायत पत्र

रांची स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय में खेल सुविधाओं को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। आदिवासी छात्र संघ, DSPMU के अध्यक्ष विवेक तिर्की के नेतृत्व में छात्रों ने खेल विभाग से जुड़ी कई गंभीर अनियमितताओं, भ्रष्टाचार और खेल शिक्षक के खिलाफ लिखित शिकायत कुलपति को सौंप दी।

छात्रों का आरोप है कि विश्वविद्यालय में खेल सुविधाओं और मैदानों की स्थिति बेहद खराब है। खिलाड़ियों को आवश्यक उपकरण, संसाधन और उचित रख-रखाव उपलब्ध नहीं कराया जा रहा, जिससे खेल गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं। इसके साथ ही छात्रों ने उपस्थिति और पुनः परीक्षा से जुड़ी समस्याओं को भी प्रशासन के सामने उठाया।

शिकायत में यह भी कहा गया है कि खेल शिक्षक द्वारा छात्रों से अवैध रूप से पैसे वसूले जाते हैं और खासकर महिला छात्राओं के साथ अभद्र व्यवहार किया जाता है। इसके अलावा खेलों में नियमित चयन प्रक्रिया नहीं होने से खिलाड़ियों में असंतोष बढ़ रहा है, जिससे उनकी प्रतिभा प्रभावित हो रही है।

इस दौरान विवेक तिर्की, सीमा मुर्मू समेत झारखंड स्टूडेंट्स स्पोर्ट्स यूनियन के अनूप यादव, रोहित राज, स्मृति, आकाश गुप्ता, तनु, प्रियांशु सहित अन्य खिलाड़ियों ने अपनी समस्याएं कुलपति के समक्ष रखीं।

विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) राजीव मनोहर ने छात्रों को आश्वस्त किया कि खेल विभाग से जुड़े सभी मामलों की जांच कर जल्द उचित कार्रवाई की जाएगी और समस्याओं का समाधान किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top