रांची में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग, नई दिल्ली के विशेष पर्यवेक्षक प्रोफेसर कन्हैया त्रिपाठी ने 22 अप्रैल को रांची विश्वविद्यालय का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने रांची वीमेंस कॉलेज सहित विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों का निरीक्षण किया और छात्रों व शिक्षकों से संवाद किया।
दौरे के बाद शहीद चौक स्थित कुलपति कॉन्फ्रेंस हॉल में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें मानवाधिकार और लैंगिक समानता जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में रांची विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर सरोज शर्मा ने प्रो. त्रिपाठी का स्वागत करते हुए उन्हें पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।
रजिस्ट्रार डॉ. गुरूचरण साहू ने प्रो. त्रिपाठी का परिचय कराया, जबकि डॉ. स्मृति सिंह ने विश्वविद्यालय में मानवाधिकार और लैंगिक समानता से संबंधित विभागों व समितियों की जानकारी दी।
कुलपति ने बताया कि विश्वविद्यालय में कुल विद्यार्थियों में 75 प्रतिशत छात्राएं हैं और स्वर्ण पदक प्राप्त करने में भी छात्राएं आगे हैं। साथ ही कैंपस में स्वच्छता, एंबुलेंस, लाइब्रेरी, सैनिटेशन, वेंडिंग मशीन, कॉमन रूम और खेल सुविधाओं की जानकारी भी साझा की गई।
प्रो. त्रिपाठी ने विश्वविद्यालय की व्यवस्थाओं और प्रयासों की सराहना करते हुए मानवाधिकार जागरूकता को और मजबूत करने पर जोर दिया।

