रांची, 6 जून: रांची जिला प्रशासन एवं निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 6 और 7 जून 2026 को सभी मतदान केंद्रों पर विशेष मतदाता शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। उपमहापौर सह वार्ड पार्षद-31 नीरज कुमार ने नागरिकों से इन शिविरों का लाभ उठाने और मतदाता सूची को शुद्ध एवं अद्यतन बनाने में सहयोग करने की अपील की है।उन्होंने बताया कि विशेष कैंप के दौरान अनमैप्ड मतदाताओं की मैपिंग, नए पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने, मतदाता सूची से नाम हटाने, आपत्तियां दर्ज कराने तथा त्रुटियों के सुधार का कार्य किया जाएगा।शिविर सुबह 08:00 बजे से शाम 04:00 बजे तक आयोजित होंगे। जनगणना कार्य में प्रतिनियुक्त बीएलओ दोपहर 01:00 बजे तक उपलब्ध रहेंगे।मतदाताओं को नामांकन, संशोधन अथवा अन्य कार्यों के लिए निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित आवश्यक दस्तावेज अथवा कोई वैध पहचान पत्र साथ लाने की सलाह दी गई है। मतदान केंद्र एवं बीएलओ संबंधी जानकारी निर्वाचन आयोग के Voter Services Portal पर भी प्राप्त की जा सकती है।नीरज कुमार ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता सूची में नाम होना आवश्यक है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर अपने मतदाता संबंधी कार्यों का निपटारा करने का आग्रह किया।

